इंडियन प्रीमियर लीग सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती स्पोर्ट्स प्रॉपर्टीज में शामिल हो चुकी है. ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक हूलिहान लोकी की 2026 IPL ब्रांड वैल्यूएशन स्टडी के मुताबिक, IPL की कुल बिजनेस एंटरप्राइज वैल्यू बढ़कर 20.6 बिलियन डॉलर पहुंच गई है. पिछले साल के मुकाबले इसमें 11.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. लगातार दूसरे साल लीग ने डबल डिजिट ग्रोथ हासिल की है.
रिपोर्ट के मुताबिक IPL की स्टैंडअलोन ब्रांड वैल्यू भी 10.3 फीसदी बढ़कर 4.3 बिलियन डॉलर हो गई है. 2023 के बाद से लीग की ब्रांड वैल्यू में 1.1 बिलियन डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है. प्रति मैच वैल्यूएशन के मामले में अब IPL दुनिया में सिर्फ NFL से पीछे है.
RCB और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री ने बदली तस्वीर
2026 में IPL फ्रेंचाइजियों की ओनरशिप में भी बड़े बदलाव देखने को मिले. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ब्लैकस्टोन, बोल्ट वेंचर्स, आदित्य बिडला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के कंसोर्टियम ने 1.78 बिलियन डॉलर में खरीदा. वहीं राजस्थान रॉयल्स का अधिग्रहण मित्तल परिवार और अदार पूनावाला ने 1.65 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर किया.
इन दोनों सौदों ने साफ कर दिया कि IPL अब सिर्फ क्रिकेट का कारोबार नहीं, बल्कि दुनिया के बड़े निवेशकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन चुका है.
डिजिटल ने बदला IPL का बिजनेस मॉडल
रिपोर्ट के मुताबिक 2026 सीजन में IPL देखने के तरीके में बड़ा बदलाव आया. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, जबकि पारंपरिक टीवी की पकड़ कमजोर हुई. JioStar के आंकड़ों के अनुसार पूरे टूर्नामेंट के दौरान 1.06 बिलियन स्क्रीन तक पहुंच दर्ज की गई. ओपनिंग वीकेंड में ही 515 मिलियन दर्शकों ने मुकाबले देखे और कुल 32.6 बिलियन मिनट का वॉच टाइम रिकॉर्ड किया गया.
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कनेक्टेड टीवी में देखने को मिली, जहां दर्शकों की संख्या में 26 फीसदी का इजाफा हुआ. दूसरी ओर लीनियर टेलीविजन की रेटिंग में 18.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. डिजिटल की बढ़ती ताकत की वजह से Google Gemini जैसी प्रीमियम पार्टनरशिप संभव हुईं और लीग की कुल कमाई 1.8 बिलियन डॉलर से ज्यादा पहुंच गई.
"IPL ग्लोबल स्पोर्ट्स का चेहरा बदल रहा है"
हूलिहान लोकी के डायरेक्टर हर्ष तालिकोटी का कहना है कि क्रिकेट अब एक मजबूत निवेश वाली स्पोर्ट्स एसेट के रूप में उभर रहा है और IPL इसकी सबसे बड़ी वजह है. उनके मुताबिक बड़े फ्रेंचाइजी सौदों ने साबित कर दिया है कि IPL दुनिया भर के संस्थागत निवेशकों को आकर्षित कर रहा है. फ्रेंचाइजी की वैल्यू लगातार बढ़ रही है, प्राइवेट कैपिटल का निवेश बढ़ रहा है और लीग का कमर्शियल मॉडल पहले से ज्यादा मजबूत हो चुका है.
RCB के को-ओनर और टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन सत्यन गजवानी ने कहा कि RCB और राजस्थान रॉयल्स दोनों शानदार फ्रेंचाइजी हैं, लेकिन RCB का फैन बेस और उसके प्रशंसकों का जुड़ाव इसे बाकी टीमों से अलग बनाता है. उन्होंने कहा कि IPL दर्शकों का ध्यान खींचने के मामले में NFL जैसी बड़ी लीग के बराबर खड़ा है. उनका मानना है कि जैसे-जैसे भारत में आय और कनेक्टेड टीवी का इस्तेमाल बढ़ेगा, वैसे-वैसे IPL की कमाई भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी.
नेस वाडिया बोले- अब सिर्फ क्रिकेट टीम नहीं रहीं फ्रेंचाइजियां
पंजाब किंग्स के को-ओनर नेस वाडिया का कहना है कि अब IPL टीमों को सिर्फ दो महीने खेलने वाली क्रिकेट फ्रेंचाइजी नहीं माना जाता. उनके मुताबिक आज ये लंबे समय तक चलने वाले स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट बिजनेस बन चुके हैं. लीग का रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल, सेंट्रलाइज्ड मीडिया राइट्स और मजबूत वित्तीय ढांचा इसे दुनिया की सबसे स्थिर स्पोर्ट्स लीग में शामिल करता है.
सबसे कीमती IPL टीम कौन?
रिपोर्ट के अनुसार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरे साल IPL की सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी बनी हुई है. उसकी ब्रांड वैल्यू बढ़कर 312 मिलियन डॉलर पहुंच गई है. RCB 300 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने वाली पहली क्रिकेट फ्रेंचाइजी भी बन गई है.
मुंबई इंडियंस 264 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दूसरे स्थान पर है. मैदान पर साधारण प्रदर्शन के बावजूद पांच खिताब और मजबूत कमर्शियल नेटवर्क ने उसकी ब्रांड ताकत बरकरार रखी.
कोलकाता नाइट राइडर्स 245 मिलियन डॉलर के साथ तीसरे और चेन्नई सुपर किंग्स 244 मिलियन डॉलर के साथ चौथे स्थान पर रही. रिपोर्ट में कहा गया है कि लगातार दूसरे कमजोर सीजन और एमएस धोनी की घटती भूमिका का असर CSK की ब्रांड ग्रोथ पर भी दिखने लगा है.
बाकी टीमों का हाल
सनराइजर्स हैदराबाद 168 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ पांचवें स्थान पर रही. राजस्थान रॉयल्स 161 मिलियन डॉलर के साथ छठे नंबर पर पहुंची. प्लेऑफ में जगह बनाने, वैभव सूर्यवंशी के उभरने और नए ओनरशिप सौदे का उसे फायदा मिला.
पंजाब किंग्स 158 मिलियन डॉलर के साथ सातवें, गुजरात टाइटंस 157 मिलियन डॉलर के साथ आठवें और दिल्ली कैपिटल्स 156 मिलियन डॉलर के साथ नौवें स्थान पर रही. लखनऊ सुपर जायंट्स 122 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दसवें नंबर पर रही. रिपोर्ट के मुताबिक टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सीजन के अंत में ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं