
आईपीएल 2025 सीजन की मेगा नीलामी पूरी हो चुकी है और हर फ्रेंचाइजी ने अपने स्क्वॉड तैयार कर लिए हैं. ऋषभ पंत ऑक्शन की लाइमलाइट रहे, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा है. यह अब तक किसी भी खिलाड़ी को मिली सबसे ज्यादा रकम है. जबकि, 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीद लिया. आईपीएल 2025 से पहले, 10 टीमों ने नीलामी में 62 विदेशी सहित 182 खिलाड़ियों को साइन करने के लिए 639.15 करोड़ रुपये खर्च किए.
ऋषभ पंत के अलावा, श्रेयस अय्यर और वेंकटेश अय्यर को क्रमशः पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 26.75 करोड़ रुपये और 23.75 करोड़ रुपये की भारी भरकम कीमत पर खरीदा. अन्य खिलाड़ियों में अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को पंजाब किंग्स से 18-18 करोड़ रुपये की समान कीमत पर खरीदा गया जबकि जोस बटलर को गुजरात टाइटंस ने 15.75 करोड़ रुपये में खरीदा।
नीलामी के बाद सभी 10 टीमें देखने में काफी मजबूत नजर आ रही हैं. यह कहना बेहद मुश्किल है कि कौन कमजोर होगा और कौन मजबूत. नीलामी टेबल पर बैठे सभी टीम के कर्ताधर्ताओं ने काफी होमवर्क किया था, जो नीलामी के दौरान नजर आया. खास तौर पर लखनऊ, दिल्ली और राजस्थान की फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों के चयन में बहुत बारीकी दिखाई.
सभी टीमों को होम और अवे मैच खेलने हैं. ऐसे में कुछ टीमें घर में मजबूत होंगी, तो कुछ दूसरे के घर में जाकर धमाल मचा सकती हैं, लेकिन एक बात तय है कि नए कप्तान, कोच और खिलाड़ियों के साथ कुछ टीमें इस बार दमदार कमबैक करने वाली हैं. जबकि पुरानी चैंपियन टीमें भी अपनी धाक बरकरार रखना चाहेगी. वहीं दो दिनों तक चली नीलामी में एक नाम ऐसा भी रहा, जिस पर काफी कम लोगों की नजर रही और वो है जयदेव उनादकट का, जिन्होंने इस नीलामी में इतिहास रच दिया.
दरअसल, जयदेव उनादकट आईपीएल नीलामी में 13वीं बार बिके हैं. उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी इतनी बार नीलामी में नहीं बिका है. जयदेव उनादकट जहां 13वीं बार बिके हैं, तो किसी दूसरे खिलाड़ी पर नीलामी में सात से अधिक बार बोली नहीं लगी है.
लगती रही है करोड़ों की बोली
जयदेव उनादकट ने साल 2010 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था. उस साल उन्हें कितनी रकम मिली थी, इसको लेकर अलग-अलग जानकारी मिलती है. ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2010 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस गेंदबाज को 8 लाख रुपये दिए थे. लेकिन उसके अलगे ही साल इस खिलाड़ी कि किस्मत चमकी और उन्हें नीलामी में 1.4 करोड़ में खरीदा गया. 2012 में भी कोलकाता के साथ ही रहे.
वहीं 2013 के लिए बेंगलुरु ने उन्हें खरीदा था. जबकि 2014 में वो दिल्ली गए.2015 में फिर दिल्ली के साथ रहे. जबकि 2016 में उन्हें कोलकाता ने 1.6 करोड़ में खरीदा. यह सीजन उनके लिए खास नहीं रहा था, जिसके बाद अगले सीजन उन्हें सिर्फ 30 लाख में खरीदा गया था. लेकिन इस सीजन में उन्होंने धमाकेदार वापसी की और 12 मैचों में 24 विकेट झटके, जिसके बाद 2018 सीजन के लिए उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 11.50 करोड़ में खरीदा था. वो उस सीजन सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे.
किस साल कितने में बिके जयदेव उनादकट
साल | टीम | पैसा |
2011 | कोलकाता नाइट राइडर्स | 1.14 करोड़ |
2013 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 2.45 करोड़ |
2014 | दिल्ली कैपिटल्स (तब डेयरडेविल्स) | 2.8 करोड़ |
2015 | दिल्ली कैपिटल्स (तब डेयरडेविल्स) | 1.1 करोड़ |
2016 | कोलकाता नाइट राइडर्स | 1.6 करोड़ |
2017 | राइजिंग पुणे सुपरजायंट | 30 लाख |
2018 | राजस्थान रॉयल्स | 11.50 करोड़ |
2019 | राजस्थान रॉयल्स | 8.4 करोड़ |
2020 | राजस्थान रॉयल्स | 3 करोड़ |
2022 | मुंबई इंडियंस | 1.3 करोड़ |
2023 | लखनऊ सुपर जांयट्स | 5 करोड़ |
2024 | सनराइजर्स हैदराबाद | 1.6 करोड़ |
2025 | सनराइजर्स हैदराबाद | 5 करोड़ |
(आईएएनएस से इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में बिगड़ते हालात के बीच श्रीलंका का फैसला, सीरीज बीच में छोड़ वापस लौटेगी क्रिकेट टीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं