इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में मुंबई इंडियंस अपने अभियान का आगाज इस महीने की 29 तारीख (रविवार) को घरेलू वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ (MI vs KKR) के खिलाफ करेगी. लेकिन उससे पहले ही मुंबई खेमे से कुछ चिंता वाली, तो कुछ अजीब खबर सामने आ रही है. जहां अभी तक मुंबई शिविर से नहीं जुड़े स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह के फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व में NCA) में होने से फैंस चिंतित हैं, तो सूत्रों के अनुसार इंडियन की कप्तानी को लेकर भी ड्रेसिंग रूप का माहौल ठीक नहीं है. वजह यह है कि टीम का एक बड़ा वर्ग हाल ही में टी20 विश्व कप जीतने वाले सूर्यकुमार यादव को कप्तान देखना चाहता है, वहीं आधिकारिक कप्तान हार्दिक पांड्या हैं. इसी मुद्दे पर अब पूर्व कप्तान और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्णमाचारी श्रीकांत ने हार्दिक पंड्या से कप्तानी छोड़ने की अपील की है. उन्होंने मुंबई इंडियंस से आग्रह किया है कि वह आईपीएल 2026 सीज़न के लिए टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान सौंपे. श्रीकांत का मानना है कि अगर सूर्यकुमार, जो हाल ही में वर्ल्ड कप जीतकर आ रहे हैं और अगर वह टीम के लीडर बनते हैं तो मुंबई इंडियंस कैंप के भीतर किसी भी संभावित पावर स्ट्रगल को सुलझाया जा सकता है. हालांकि हार्दिक ने आईपीएल में कप्तान के रूप में अपनी काबिलियत साबित की है, लेकिन श्रीकांत का मानना है कि जीत के सिलसिले में चल रहे सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2026 में मुंबई की अगुआई करने के लिए सबसे सही विकल्प हैं.
हार्दिक पंड्या 2024 में गुजरात टाइटंस से सनसनीखेज ट्रांसफर के बाद से मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने पांच बार की चैंपियन टीम के कप्तान के रूप में रोहित शर्मा की जगह ली थी, लेकिन यह फैसला फ्रेंचाइज़ी के विशाल फैनबेस को पूरी तरह से रास नहीं आया। कप्तान के तौर पर अपने पहले सीज़न में हार्दिक को वानखेड़े स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के एक वर्ग की ओर से हूटिंग का सामना करना पड़ा, क्योंकि कई फैंस का मानना था कि रोहित को टीम की कप्तानी जारी रखनी चाहिए थी.
श्रीकांत ने कहा, 'यह एक अजीब स्थिति है. दो-तीन हफ्ते पहले सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए कप्तान के तौर पर वर्ल्ड कप जीता. दो साल पहले रोहित शर्मा ने कप्तान के रूप में वर्ल्ड कप जीता था. व्यक्तिगत तौर पर मुझे हार्दिक पांड्या बहुत पसंद हैं. वह शानदार क्रिकेटर हैं, शानदार इंसान हैं. वह बहुत अच्छे कप्तान भी हैं. उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए खिताब जीता है, लेकिन यह, मेरे हिसाब से, एक आंतरिक नीति का मामला है. उन्हें इसे सुलझाना होगा. बाहर से देखने पर साफ विकल्प सूर्यकुमार यादव ही नजर आते हैं। वह जीत के दौर में हैं.'
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब शो में कहा, 'उन्हें एक साथ आना होगा, फिर से बैठक करनी होगी. टीम ओनर्स, टॉप-लेवल मैनेजमेंट को रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक से मिलकर कहना होगा कि ‘सूर्या, इस साल आप टीम की कप्तानी संभालिए. हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा. वे किसी भी समय सूर्यकुमार को कप्तान नियुक्त कर सकते हैं, यह जरूरी नहीं कि अभी ही करें.' उन्होंने कहा, 'यह मजेदार है क्योंकि वही हार्दिक रोहित के नेतृत्व में खेलकर भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप जीत चुके हैं. उन्होंने इसी तरह इस साल सूर्यकुमार के नेतृत्व में भी खेला. हार्दिक पंड्या को आगे बढ़कर कहना चाहिए, कि मैं कप्तानी से हट रहा हूं. सूर्य खुद टीम का नेतृत्व करें. वह टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान हैं,' कुछ मैचों में भारत की कप्तानी कर चुके श्रीकांत ने कहा, 'अगर हार्दिक खुद ऐसा कहते हैं तो सारी बातें सुलझ जाएंगी. मेरा मानना है कि यह बात हार्दिक को ही आगे बढ़कर कहनी चाहिए. अगर नेतृत्व समूह में किसी तरह की समस्या है, तो उसका सबसे अच्छा समाधान यही होगा कि हार्दिक हाथ उठाकर कहें, ‘सूर्या को नेतृत्व करने दीजिए.'
IPL 2026: क्या बुमराह शुरुआती मैचों में खेलेंगे? 'नई तस्वीर' से खड़ा हुआ बड़ा सवाल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं