IPL 2026: Can Mumbai Indians do RCB Style Comeback: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने निर्णायक चरण की ओर बढ़ चुका है. लीग के 46 मुकाबले पूरे होने के बाद अंक तालिका की तस्वीर लगभग साफ है. जहां पंजाब, बेंगलुरु, राजस्थान और हैदराबाद प्लेऑफ की दहलीज़ पर खड़ी हैं, वहीं कुछ टीमों के लिए हर मैच अब बेहद अहम हो चुका है. हालांकि, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की चर्चा सबसे अधिक है. मुंबई अंक तालिका में 9वें स्थान पर है. हार्दिक की अगुवाई में टीम ने 9 मैच खेले हैं, 2 में जीत मिली है और सात हार. नेट रन रेट -0.803 का. मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन मुहाने पर जरूर खड़ी है. ऐसा ही कुछ हाल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का था. लीग के 8 मैच खेलने के बाद टीम सिर्फ एक मैच जीती थी और 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा था. टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं 1 प्रतिशत से भी कम थी.
जब 2024 में RCB लगभग बाहर हो चुकी थी
IPL 2024 में आठ मैचों के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की हालत बेहद नाज़ुक थी. टीम सिर्फ एक जीत, दो अंक और –1.05 के नेट रन रेट के साथ अंकतालिका में अंतिम स्थान पर थी. प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म मानी जा रही थीं. बेंगलुरु के सामने समीकरण बेहद कठिन थ, सभी बचे मुकाबले जीतने के साथ-साथ बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन रेट में भारी सुधार करना. बावजूद इसके, RCB ने लगातार जीत दर्ज की और आईपीएल इतिहास के सबसे यादगार कमबैक में से एक को अंजाम दिया. बेंगलुरु ने लीग स्टेज में अपने आखिरी मैच में चेन्नई को हराया था. यह वर्चुअल नॉकआउट था, दोनों टीमों के लिए, जिसमें बेंगलुरु जीतने में सफल हुई थी.

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की वर्तमान स्थिति
अब अगर IPL 2026 में 46वें मुकाबले के बाद मुंबई इंडियंस की स्थिति देखें, तो दोनों की स्थिति लगभग समान हैं. मुंबई असंभव हालात में फंसी हुई है. उसे अपने ना सिर्फ अपने बचे हुए बाकी सभी मैच जीतने होंगे, बल्कि कई और परिणाम उसके पक्ष में आए, इसकी दुआएं करनी होंगी. मुंबई चौथे स्थान पर फिनिश कर सकती है.

आंकड़ों की सीधी तुलना क्या कहती है?
2024 में जहां RCB आख़िरी स्थान पर थी, वहीं 2026 में मुंबई इंडियंस 9वें स्थान पर है. RCB को चमत्कार करने की ज़रूरत थी, जबकि मुंबई को निरंतरता और भाग्य का साथ दोनों चाहिए. मुंबई की स्थिति 2024 में RCB की स्थिति से खराब है. क्योंकि तब टॉप पर मौजूद टीम के 12 अंक थे, जबकि दो टीमों के 10-10 अंक थे. लेकिन मौजूदा टूर्नामेंट में पंजाब 13 अंकों के साथ टॉप पर है और तीन टीमों के 12-12 अंक हैं.
मुंबई क्या पहुंच पाएगी प्लेऑफ में?
मुंबई इंडियंस IPL की सबसे सफल फ्रेंचाइज़ियों में से एक रही है. टीम ने पहले भी कई बार शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद वापसी की है. दबाव में खेलने का अनुभव, बड़े मुकाबलों में प्रदर्शन, ये सब मुंबई के पक्ष में जाते हैं. जहां RCB का 2024 का कमबैक एक असाधारण घटना थी, वहीं मुंबई के लिए वैसी स्थिति बन ही नहीं रही है. टीम को असंभव को संभव करना होगा. साथ ही उसे दूसरी टीमों का साथ चाहिए होगा, तभी वह 14 अंकों के साथ प्लेऑफ पहुंच पाएगी.
यह भी पढ़ें: MI vs LSG IPL 2026: सूर्यकुमार यादव के निशाने पर मेगा रिकॉर्ड, 9 रन बनाते ही रोहित-कोहली के इस क्लब में होंगे शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं