भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप एक मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन की आसान जीत के बाद कहा कि उनकी टीम ने शुरुआत में अपने ऊपर गैरजरूरी दबाव डाल दिया था. भारत के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (10 रन पर 5 विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई. बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (21/3) और शेफाली वर्मा (22/1) ने भी दीप्ति का अच्छा साथ निभाया.
मिली जीत पर हरमनप्रीत ने कहा, 'निश्चित रूप से इस जीत से बहुत खुशी हुई और सबसे पहले हम सभी भारतीय फैंस को धन्यवाद देना चाहती हैं. वे कमाल के रहे हैं. वे हमारे साथ रहे हैं. इसलिए हम उनका शुक्रिया अदा करना चाहते हैं.'स्मृति और दीप्ति द्वारा मौके पर शानदार प्रदर्शन करने पर उन्होंने कहा, 'जब भी हमें जरूरत होती है, वे टीम को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं. इसलिए, आज उन दोनों ने जिस तरह से खेला, उससे मैं बेहद खुश हूं.' पिच और हालात पर भारतीय कप्तान ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक अच्छी पिच थी, लेकिन शुरुआत में हमने खुद पर बेवजह दबाव बना लिया था. लेकिन उसके बाद, जब स्मृति और मैं बल्लेबाजी कर रहे थे, तो हमने खेल को नियंत्रित करने की कोशिश की और फिर हमें वह मिला जो हम चाहते थे.'
ऋचा को बल्लेबाजी के लिए कब भेजना चाहती हैं? पर हरमन ने कहा, 'अगर यह मेरे हाथ में होता, तो मैं उन्हें पहली ही गेंद पर भेजना पसंद करती. लेकिन मुझे लगता है कि टीम में उनकी एक खास भूमिका है और वह बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. और आज उन्होंने जिस तरह से खेला, उससे मैं वाकई बहुत खुश हूं.' फील्डिंग में शुरुआत थोड़ी खराब रही लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ इसमें सुधार हुआ की बात पर भारतीय कप्तान ने कहा, 'क्रिकेट ऐसा खेल है कि अगर आप हर गेंद को लपकते हैं, अगर आप सारे कैच पकड़ते हैं, तो आप हमेशा मैच जीतते हैं. और मुझे लगता है कि फील्डिंग के दौरान यही हुआ. हम हर गेंद पर अपना सब कुछ झोंक देना चाहते थे और जिस तरह से हमने फील्डिंग की और कुल मिलाकर जैसा खेल दिखाया, उससे मैं बहुत खुश हूं.' बात नेट रन रेट (NRR) पर आ सकती है? पर भारतीय कप्तान बोलीं, 'लीग का हर मैच महत्वपूर्ण होता है और आज हम जिस तरह से जीते, उससे मैं बहुत खुश हूं क्योंकि यह एक ऐसी चीज़ है जो लीग मैचों के अंत में हमारी मदद करने वाली है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं