विज्ञापन
This Article is From Sep 21, 2017

INDvsAUS: भुवनेश्‍वर कुमार का तेज शॉट टकराया और मैदान पर ही गिर गए हार्दिक पंड्या

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे मैच के दौरान आज हरफनमौला हार्दिक पंड्या भी बुरी तरह घायल होने से बाल-बाल बचे

INDvsAUS: भुवनेश्‍वर कुमार का तेज शॉट टकराया और मैदान पर ही गिर गए हार्दिक पंड्या
हार्दिक को मैदान पर गिरा देखकर ऑस्‍ट्रेलिया टीम के फील्‍डर्स उनकी मदद के लिए पहुंचे
  • भुवी के शॉट पर बुरी तरह घायल होने से बच गए पंड्या
  • हार्दिक के क्रीज पर लौटते ही सबने राहत की सांस ली
  • मैदान पर ऐसी घटनाओं में कई खिलाड़ी हो चुके चोटग्रस्‍त
क्रिकेट के खेल में कई ऐसी घटनाएं देखने में आती हैं जब खिलाड़ी मैदान पर बुरी तरह से चोटग्रस्‍त हो जाते हैं. तेज गेंदबाजों के बाउंसर पर बल्‍लेबाजों के बुरी तरह घायल होने की घटनाएं आम हैं. इस तरह की घटनाओं में कुछ बल्‍लेबाज जान भी गंवा चुके हैं. ऑस्‍ट्रेलियाई बल्‍लेबाज फिल ह्यूज की मौत शेफील्‍ड शील्‍ड के एक मैच के दौरान बाउंसर लगने से ही हुई थी. भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे मैच के दौरान आज हरफनमौला हार्दिक पंड्या भी बुरी तरह घायल होने से बाल-बाल बचे.

यह भी पढ़ें : पंड्या रन आउट हैं या नहीं, इसे लेकर कुछ देर तक रही भ्रम की स्थिति

यह घटना उस समय हुई जब वे भारतीय टीम की बल्‍लेबाजी के दौरान नॉन स्‍ट्राइकिंग एंड पर थे. बल्‍लेबाजी कर रहे भुवनेश्‍वर कुमार का तेज शॉट सीधे नॉन स्‍ट्राइकिंग एंड पर खड़े हार्दिक के हेलमेट के ग्रिल से टकराया. शॉट इतना जोरदार था कि हार्दिक मैदान पर ही दोहरे हो गए. उन्‍हें गिरा देखकर भुवनेश्‍वर कुमार और ऑस्‍ट्रेलिया टीम के फील्‍डर्स उनकी मदद के लिए पहुंचे.


ऑस्‍ट्रेलिया टीम के कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ ने फौरन फिजियो भेजने के लिए ड्रेसिंग रूम की ओर इशारा किया. सौभाग्‍य से हार्दिक की यह चोट ज्‍यादा गंभीर नहीं थी. हल्‍के प्राथमिक उपचार के बाद वे क्रीज पर लौट आए. हार्दिक जब बल्‍लेबाजी के लिए लौटे तो ईडन गार्डंस पर मौजूद क्रिकेटप्रेमियों ने तेज आवाज के साथ उनका स्‍वागत किया. भारतीय क्रिकेट में भी क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ि‍यों के घायल होने की कुछ घटनाएं हुई थीं. इसी वर्ष अप्रैल में बंगाल के क्रिकेटर अंकित केशरी को स्‍थानीय मैच के दौरान सिर में चोट लग गई थी. बाद में एक निजी अस्‍पताल में मौत हो गई थी. टीम इंडिया की ओर से खेल चुके रमन लांबा भी सिर में चोट लगने के कारण वर्ष 1998 में जान गंवा चुके हैं. लांबा को बांग्‍लादेश लीग क्रिकेट मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए सिर में यह चोट लगी थी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs Australia, Hardik Pandya
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com