इंग्लैंड दौरे की निराशा को पीछे छोड़कर अब भारतीय टीम की नजर जिम्बाब्वे दौरे पर हैं, जहां तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. 23 जुलाई से शुरू होने वाली इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में चार नए चेहरों को मौका मिला है. इनमें प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, यश ठाकुर और अशोक शर्मा ऐसे खिलाड़ी हैं, जो पहली बार सीनियर टीम में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं.
जिम्बाब्वे दौरे पर इन 4 खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजर
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में खेली जाएगी. इस दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे. टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिनसे भविष्य के स्टार बनने की उम्मीद की जा रही है.
प्रभसिमरन सिंह से टीम इंडिया को उम्मीद
पंजाब के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह पहली बार भारतीय टी20 टीम का हिस्सा बने हैं. अटैकिंग बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले प्रभसिमरन के नाम घरेलू टी20 क्रिकेट में दो शतक दर्ज हैं. आईपीएल 2026 में भी उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. ऐसे में जिम्बाब्वे दौरा उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत साबित हो सकता है.
हर्ष दुबे पर भी रहेगी नजर
बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज हर्ष दुबे भी टीम इंडिया में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था. गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता उन्हें भारतीय टीम के लिए एक अहम ऑलराउंडर बनाती है.
टीम इंडिया के काम आएगी यश ठाकुर की यॉर्कर
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी सटीक लाइन-लेंथ और शानदार यॉर्कर के लिए पहचान बनाने वाले तेज गेंदबाज यश ठाकुर को भी पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है. डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है.
पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में दिखेंगे अशोक शर्मा
तेज गेंदबाज अशोक शर्मा भी पहली बार टीम इंडिया की जर्सी पहनने के लिए तैयार हैं. आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए उन्होंने अपनी रफ्तार और विकेट लेने की क्षमता से प्रभावित किया. वहीं घरेलू क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेकर उन्होंने अपनी दावेदारी मजबूत की थी.
भारत के जिम्बाब्वे दौरा का शेड्यूल
मैच तारीख वेन्यू समय (IST)
- पहला टी20I- 23 जुलाई 2026- हरारे स्पोर्ट्स क्लब- 4:30 PM
- दूसरा टी20I- 25 जुलाई 2026- हरारे स्पोर्ट्स क्लब- 4:30 PM
- तीसरा टी20I- 26 जुलाई 2026- हरारे स्पोर्ट्स क्लब- 4:30 PM
युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का मौका
इंग्लैंड दौरे पर सीमित ओवरों में मिली हार के बाद भारतीय टीम नए संयोजन के साथ मैदान पर उतरेगी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, यश ठाकुर और अशोक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों के पास शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की करने का सुनहरा मौका होगा. इसके अलावा रिंकू सिंह, शुभम दुबे, मयंक यादव और सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों पर भी सभी की नजरें रहेंगी.
भारत और जिम्बाब्वे की स्क्वाड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मैडेंडे (विकेटकीपर), टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुंबा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं