विज्ञापन
This Article is From Oct 01, 2015

टी-20 सीरीज : धर्मशाला में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी टीम इंडिया

Also Read in
टी-20 सीरीज : धर्मशाला में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी टीम इंडिया
एमए धोनी और फाफ डु प्लेसिस (फाइल फोटो)
धर्मशाला: वनडे कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी की वापसी के साथ ही टीम इंडिया शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में जीत के साथ सीरीज का आगाज करना चाहेगी। हालांकि शुरुआती मैच यहां कराने के फैसले से दक्षिण अफ्रीकी टीम हैरान है, क्योंकि धर्मशाला का ठंडा मौसम उसके तेज गेंदबाजों को रास आएगा। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका को दिल्ली में भारत-ए के खिलाफ एकमात्र टी-20 अभ्यास मैच में अप्रत्याशित हार झेलनी पड़ी थी। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।

टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके धोनी तीन महीने बाद टीम में लौटे हैं। यह सीरीज अगले साल भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप की तैयारी के हिसाब से बेहद अहम है। टीम में श्रीनाथ अरविंद जैसे नए खिलाड़ी हैं और धोनी उन्हें आजमाना चाहेंगे। (पढ़ें- साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में ये हो सकते हैं टीम इंडिया के गेम चेंजर)

बल्लेबाजों का मुकाबला
इस सीरीज के तीन टी-20 मैचों के अलावा भारत को श्रीलंका के खिलाफ चार मैच और एशिया कप भी खेलना है। यह सीरीज दोनों टीमों के बल्लेबाजों का मुकाबला कही जा सकती है। दक्षिण अफ्रीका के पास कप्तान फाफ डु प्लेसिस और एबी डिविलियर्स जैसे बल्लेबाज हैं, जो दुनिया के किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ सकते हैं। उनके अलावा हाशिम अमला, डेविड मिलर और जेपी डुमिनी बल्लेबाजी को मजबूत बनाते हैं। दक्षिण अफ्रीका के अधिकांश खिलाड़ी आईपीएल खेलते हैं, लिहाजा हालात से बखूबी वाकिफ हैं। कप्तान डु प्लेसिस तो धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं। उनके कोचिंग स्टाफ में माइक हसी भी हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ काफी खेला है और आईपीएल में धोनी के साथ खेलते आए हैं। उनकी राय काफी मददगार साबित होगी।

भारत की उम्मीदों का दारोमदार भी बल्लेबाजों पर होगा। शिखर धवन हाथ की चोट से उबरकर बांग्लादेश-ए के खिलाफ शतक के साथ फॉर्म में लौट चुके हैं। उनके साथ पारी की शुरुआत रोहित शर्मा या अजिंक्य रहाणे करेंगे। मध्यक्रम में टेस्ट कप्तान विराट कोहली, सुरेश रैना और खुद धोनी हैं।

हरभजन के लिए अहम सीरीज
यह सीरीज सीनियर स्पिनर हरभजन सिंह के लिए काफी अहम है। आर अश्विन जबर्दस्त फॉर्म में हैं और श्रीलंका के खिलाफ 'मैन ऑफ द सीरीज' थे, लिहाजा हरभजन के लिए टीम में जगह बनाना काफी मुश्किल होगा। एचपीसीए स्टेडियम की पिच स्विंग गेंदबाजों की मददगार होगी, लेकिन धोनी दो स्पिनरों को उतार सकते हैं। अश्विन और हरभजन के अलावा अमित मिश्रा और अक्षर पटेल के भी विकल्प हैं।

तेज गेंदबाजी चिंता का विषय
भारत की सबसे बड़ी चिंता तेज गेंदबाजों का लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना है। भुवनेश्वर कुमार पिछले छह महीने से नहीं खेले हैं और यह सीरीज उनके आत्मविश्वास की परीक्षा होगी। दूसरे तेज गेंदबाज की जगह मोहित शर्मा या अरविंद लेंगे। स्टुअर्ट बिन्नी भी अंतिम एकादश में जगह बना सकते हैं, क्योंकि हालात उनकी गेंदबाजी शैली के अनुकूल हैं। दक्षिण अफ्रीका के पास काइल एबोट और क्रिस मॉरिस जैसे टी-20 विशेषज्ञ गेंदबाज हैं। लेग स्पिनर इमरान ताहिर और तेज गेंदबाज एल्बी मॉर्कल भी भारतीय बल्लेबाजों की परेशानी का सबब बन सकते हैं।

डु प्लेसिस कह चुके हैं कि इस सीरीज से वे टी-20 विश्व कप की तैयारी शुरू करेंगे। उन्होंने कहा ,‘‘मैं इस दौरे को लेकर उत्साहित हूं, क्योंकि भारत में ही टी-20 विश्व कप होना है। टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें हालात को समझने का यह सुनहरा मौका मिला है।’’

टीमें इन खिलाड़ियों में से चुनी जाएंगी
भारत : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), श्रीनाथ अरविंद, आर अश्विन, स्टुअर्ट बिन्नी, शिखर धवन, हरभजन सिंह, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार, अमित मिश्रा, अक्षर पटेल, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, मोहित शर्मा, रोहित शर्मा।

दक्षिण अफ्रीका : फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), काइल एबोट, हाशिम अमला, फरहान बेहार्डियेन, क्विंटन डिकॉक, मर्चेंट डिलांगे, एबी डिविलियर्स, जेपी डुमिनी, इमरान ताहिर, एडी लेइ, डेविड मिलर, एल्बी मॉर्कल, क्रिस मॉरिस, कागिसो रबाडा, खाया जोंडो।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, टीम इंडिया, क्रिकेट, एमएस धोनी, फाफ डु प्लेसिस, India Vs South Africa, Team India, Cricket, MS Dhoni, Faf Du Plessis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com