IND vs ZIM T20 World Cup 2026 Super-8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए सांसे रोक देने वाला है. चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में टीम इंडिया आज जिम्बाब्वे के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. दक्षिण अफ्रीका से मिली 76 रनों की करारी हार के बाद अब टीम इंडिया के पास वापसी का कोई दूसरा मौका नहीं है. सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए आज न सिर्फ जीत, बल्कि एक 'विशाल जीत' की जरूरत है ताकि नेट रन रेट (NRR) के गड्ढे को भरा जा सके.
कैसी है चेपॉक की नई पिच?
आज का मुकाबला काली मिट्टी (Black Soil) की पिच पर खेला जाएगा. इस पिच की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पिछले 5-6 महीनों से घरेलू क्रिकेट से दूर रखा गया था, ताकि वर्ल्ड कप के लिए इसे पूरी तरह 'फ्रेश' रखा जा सके. इसी मैदान और पिच पर न्यूजीलैंड ने 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान को मात दी थी, जो संकेत देता है कि यहाँ रनों का अंबार लग सकता है. साथ ही, स्टेडियम की आउटफील्ड को पूरी तरह से नया रूप दिया गया है, जिससे गेंद बाउंड्री की ओर तेजी से भागेगी.
ओस (Dew) बनेगी 'बॉस'
चेन्नई की शाम और ओस का पुराना रिश्ता है. आज के मैच में भी ओस का बड़ा असर देखने को मिलेगा. टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी क्योंकि दूसरी पारी में गीली गेंद से स्पिनर्स के लिए ग्रिप बनाना मुश्किल होगा.
प्लेइंग 11 में बड़े बदलाव: संजू-अभिषेक की जोड़ी मचाएगी धमाल!
अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद कोच गौतम गंभीर और कप्तान बड़े बदलाव के मूड में हैं. सूत्रों की मानें तो आज टीम इंडिया राइट-लेफ्ट कॉम्बिनेशन के साथ उतरेगी. अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं. संजू की मौजूदगी मिडिल ऑर्डर और स्पिन के खिलाफ टीम को मजबूती देगी.
रिंकू सिंह प्लेइंग 11 का हिस्सा होंगे या नहीं?
सबसे बड़ी खबर यह है कि फिनिशर रिंकू सिंह टीम के साथ जुड़ चुके हैं. हालांकि, वह प्लेइंग 11 का हिस्सा होंगे या नहीं, इस पर सस्पेंस बरकरार है.
अक्षर पटेल की होगी वापसी!
स्पिन और बल्लेबाजी में गहराई लाने के लिए अक्षर पटेल को प्लेइंग 11 में जगह मिलना लगभग तय है.
सावधान जिम्बाब्वे! भारत के लिए 'आर-पार' की जंग
भारत के लिए यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं है. अफ्रीका से मिली हार ने आत्मविश्वास को चोट पहुंचाई है, लेकिन चेपॉक का किला फतह करने के लिए भारतीय टीम अपनी पूरी ताकत झोंकने को तैयार है. अगर आज टीम इंडिया चूकी, तो वर्ल्ड कप का सफर यहीं खत्म हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं