टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज बी साई सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में लगी चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं. सुदर्शन को यह चोट भारत ए टीम के श्रीलंका दौरे के दौरान लगी थी. भारत ए की तरफ से दो मैच में शतक लगाने वाले सुदर्शन दूसरे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और तब से बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चोट से उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम में सुदर्शन की जगह कौन लेता है.
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, बैटर सुदर्शन की जगह शेख रशीद या सरफराज खान को शामिल किया जा सकता है. सरफराज पहले ही एक हफ्ते से ज्यादा समय से अपनी फिटनेस जांच के लिए CoE में हैं, और रशीद को भी रविवार को बेंगलुरु फैसिलिटी में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है.
रशीद पर सिलेक्टर्स की नजर
रशीद हाल ही में पिछले महीने श्रीलंका में दो मैचों के लिए इंडिया A टीम के साथ दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने तीन पारियों में 45, 63 और 20 रन बनाए थे. यह युवा खिलाड़ी सिलेक्टर्स की नजर में है और आने वाले हफ्तों में CoE में एक स्पेशलिस्ट बैटर कैंप का हिस्सा भी बनने वाला था. कैंप में आर स्मरण और अमन मोखाड़े जैसे खिलाड़ी भी शामिल होने वाले हैं.
साई सुदर्शन की स्थिति में सुधार हुआ
सुदर्शन की चोट पर निगरानी रख रही खेल विज्ञान टीम के अपडेट के अनुसार, 'साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. चिकित्सकों ने उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए और समय देने की सलाह दी है. उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं.'
खेल विज्ञान टीम ने प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति को इस बारे में सूचित कर दिया है. सुदर्शन के लिए चिकित्सा और फिटनेस संबंधी सलाह में लिखा है, 'रिहैबिलिटेशन, ताकत और अनुकूलता पर ध्यान रखते हुए क्रिकेट से जुड़े कार्यों को धीरे-धीरे और कड़ी निगरानी में बढ़ाया जाना चाहिए. यह सतर्कता इसलिए बरती जा रही है ताकि भविष्य के लिए जोखिम कम हो सकें.'
उनकी अनुपस्थिति में अभ्यास मैच में शतक बनाने वाले देवदत्त पडिक्कल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे. मुंबई के अनुभवी और मजबूत कद-काठी वाले खिलाड़ी सरफराज खान एक अच्छा विकल्प प्रतीत होते हैं, लेकिन कोचिंग स्टाफ और चयन समिति के एक महत्वपूर्ण सदस्य को उन पर ज्यादा भरोसा नहीं है.
ये भी पढ़ें- IND vs SL: जायसवाल फ्लॉप, गिल बाहर... ऐसे में देवदत्त पडिक्कल बने भारत के नए संकटमोचक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं