विज्ञापन

IND vs SL: 46 टेस्ट में सिर्फ 4 बार देखने को मिला 11-विकेट हॉल, मुरलीधरन ने 2 बार किया कमाल

भारत और श्रीलंका के टेस्ट इतिहास में सिर्फ 4 बार ऐसा हुआ है जब किसी एक गेंदबाज ने मैच में 11 विकेट लिए हैं. इस खास क्लब में अनिल कुंबले, वेंकटपति राजू और मुथैया मुरलीधरन (दो बार) शामिल हैं.

IND vs SL: 46 टेस्ट में सिर्फ 4 बार देखने को मिला 11-विकेट हॉल, मुरलीधरन ने 2 बार किया कमाल
श्रीलंकाई स्पिनर मुरलीधरन
X (formerly Twitter)

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है. पहला टेस्ट 19 अगस्त को खत्म होगा जबकि दूसरा टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त तक चलेगा. भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट इतिहास में अब तक 46 मैच खेले गए हैं, जिसमें 4 ऐसे मुकाबले रहे, जिसमें एक ही गेंदबाज ने 11-11 विकेट अपने नाम किए. श्रीलंकाई दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधन ने यह कारनामा 2 बार किया है.

भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले ने जनवरी 1994 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में 11 विकेट हासिल किए थे. भारत ने अपनी पहली पारी में 511 रन बना लिए थे. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 218 रन पर सिमट गई. इस दौरान अनिल कुंबले ने 37 ओवरों में 69 रन देकर 4 विकेट निकाले.

लखनऊ में श्रीलंका को फॉलो-ऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा और यह टीम दूसरी पारी में 174 रन पर ढेर हो गई. इस पारी में कुंबले ने 27.3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 59 रन देकर 7 विकेट हासिल किए. टीम इंडिया ने मुकाबला पारी और 119 रन से अपने नाम किया.

वेंकटपति ने भी चटकाए 11 विकेट

इस लिस्ट में दूसरा नाम भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर वेंकटपति राजू का है, जिन्होंने फरवरी 1994 में खेले गए इस मुकाबले में पहली पारी में 23.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 38 रन देकर 5 विकेट निकाले. उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर श्रीलंकाई टीम सिर्फ 119 रन पर सिमट गई. भारत ने अपनी पहली पारी में 358 रन बनाकर 239 रन की बढ़त हासिल कर ली. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम अगली पारी में 222 रन पर ढेर हो गई और भारत ने अहमदाबाद में इस मैच को पारी और 17 रन से अपने नाम किया. दूसरी पारी में वेंकटपति राजू ने 32.3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 87 रन देकर 6 विकेट निकाले.

मुथैया मुरलीधरन के नाम भी बड़ी उपलब्धि

29 अगस्त से 2 सितंबर 2001 के बीच खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 234 रन पर सिमट गई. श्रीलंकाई स्पिनर मुरलीधरन ने 34.1 ओवरों में 87 रन देकर 8 विकेट निकाले. इसके जवाब में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 610/6 के स्कोर पर घोषित की. मुरलीधरन ने अगली पारी में 46.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 109 रन देकर 3 विकेट निकाले और भारत 299 रन पर ऑलआउट हो गया. कोलंबो के मैदान पर इस मैच में श्रीलंका ने पारी और 77 रन से जीत हासिल की.

इस लिस्ट में एक बार फिर श्रीलंकाई स्पिनर का नाम है. जुलाई 2008 में खेले गए इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने पहली पारी 600/6 के स्कोर पर घोषित की, जिसके जवाब में टीम इंडिया 223 रन पर ढेर हो गई. इस पारी में मुरलीधरन ने 29 ओवर गेंदबाजी करते हुए 84 रन देकर 5 विकेट निकाले. भारत को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा. इस पारी में मुरलीधरन ने 13 ओवर फेंके, जिसमें 26 रन देकर 6 विकेट निकाले और टीम इंडिया 138 रन पर सिमट गई. कोलंबो में मेजबान श्रीलंका ने पारी और 239 रन से मुकाबला अपने नाम किया.

ये भी पढ़ें-  श्रीलंका टेस्ट से पहले BCCI अलर्ट, बढ़ती इंजरी पर बेंगलुरु में होगी हाई-लेवल मीटिंग

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sri Lanka, Cricket, Anil Kumble
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com