पूर्व भारतीय स्टार अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टीम मैनेजमेंट से गॉल टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बावजूद स्पिनर कुलदीप यादव को मौका देने की अपील की है. श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में कुलदीप सिर्फ एक विकेट ले पाए थे. खराब प्रदर्शन और समीकरण की मांग के चलते अटकलें लगाई जा रही हैं कि कोलंबो में होने वाले दूसरे मैच में उनकी जगह दाएं हाथ के ऑफ़-स्पिनर सारांश जैन को मौका दिया जा सकता है. हालांकि, रहाणे ने भारत के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल से कहा है कि वे इस रिस्ट-स्पिनर को और मौके दें. उन्होंने जोर देकर कहा कि कुलदीप एक साबित हो चुके मैच-विनर हैं और उन्हें लगातार समर्थन की ज़रूरत है.
अजिंक्य रहाणे ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा,"मैं चाहता हूं कि कुलदीप यादव का हौसला बढ़ाया जाए. इस समय उन्हें टीम के साथ की जरूरत है. जब भी मुश्किल हालात आए हैं, उन्होंने विकेट लिए हैं. हां, उन्हें यहां ज्यादा गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला. खेल में ऐसा होता रहता है, और कभी-कभी आपको सही लय नहीं मिल पाती. लेकिन अगर हालात वैसे ही हों, तो मैं चाहूंगा कि कुलदीप को सपोर्ट किया जाए. वह मैच जिताने वाले गेंदबाज हैं. अगर टीम अभी उनका साथ देती है, तो वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे."
दूसरे टेस्ट के लिए भारत के कॉम्बिनेशन पर बात करते हुए, रहाणे ने जोर दिया कि टीम मैनेजमेंट को जीतने वाले कॉम्बिनेशन में बदलाव करने से बचना चाहिए, जब तक कि कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब (SSC) के हालात गॉल के हालात से बिल्कुल अलग न हों. रहाणे ने प्लेइंग इलेवन के समीकरण पर कहा,"यह हालात पर निर्भर करता है. आम तौर पर, श्रीलंका में स्पिन के अनुकूल हालात की उम्मीद की जाती है."
रहाणे ने आगे कहा,"जब हमने कई साल पहले SSC में खेला था, तो वहां सीमिंग हालात थे. इसलिए आपको यह देखना होगा कि आप तीन स्पिनर चाहते हैं या तीन तेज गेंदबाज. अगर सीमिंग हालात हों और विकेट सूखा न हो, उस पर थोड़ी घास हो, तो शायद इसके आधार पर एक बदलाव हो सकता है. लेकिन इसके अलावा, मुझे अगले टेस्ट के लिए कोई बदलाव नहीं दिखता. मुझे लगता है कि अगर हालात वही रहे तो टीम भी वही रहेगी."
इस बीच जब मैच की पूर्व संध्या पर गौतम गंभीर मीडिया के सामने आए तो उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया और कहा कि उनका ध्यान ऐसे बॉलिंग अटैक को तैयार करने पर होगा जो उन्हें 20 विकेट दिला सके. इसमें सारांश होंगे या कुलदीप, यह तो नहीं बताया गया, लेकिन "सभी विकल्प" खुले हैं. गंभीर ने कहा, "हम जानते हैं कि कुलदीप कितने अच्छे बॉलर हैं, और इससे भी ज़रूरी बात यह है कि कभी-कभी यह कप्तान पर भी निर्भर करता है, अगर उन्हें लगता है कि उनके दूसरे दो स्पिनर विकेट दिला सकते हैं, तो वे हालात को देखते हुए यह तय करते हैं कि किसी खास स्पिनर से किस रफ्तार से बॉलिंग करवानी है."
यह भी पढ़ें: IND vs SL, 2nd Test: दूसरे टेस्ट में कटेगा कुलदीप यादव का पत्ता? संजय मांजरेकर ने सुझाया नया फॉर्मूला
यह भी पढ़ें: जैवलीन स्टार रोहित ने जीता गोल्ड, मुरली श्रीशंकर की'लंबी छलांग', महिला 100m में भारत का क्लीन स्वीप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं