IND vs SA Live : चौथे दिन का खेल खत्म, द. अफ्रीका ने 72 ओवर में बनाए 72 रन

IND vs SA Live : चौथे दिन का खेल खत्म, द. अफ्रीका ने 72 ओवर में बनाए 72 रन

अजिंक्य रहाणे ने शानदार शतक लगाया (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

भारत और दक्षिण अफ्रीका बीच फ्रीडम सीरीज का अंतिम मैच दिल्ली में खेला जा रहा है। फिरोजशाह कोटला मैदान पर मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 481 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 2 विकेट पर 72 रन बना लिए। खास बात यह कि 72 रन बनाने के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 72 ओवर खेल डाले। कप्तान हाशिम अमला मैच बचाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं और चौथे दिन की संभावित हार टालने में कामयाब रहे। इसका अंदाजा आप इससे ही लगा सकते हैं कि उन्होंने 23 रन बनाने के लिए 207 गेंदें खेल डाली हैं, वहीं अपना पहला रन 56 गेंद खेलकर बनाया।

टीम इंडिया को पहली सफलता आर अश्विन ने दिलाई। उन्होंने डीन एल्गर को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। इससे पहले भारत ने 4 विकेट पर 267 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

रहाणे ने जड़ा दोनों पारियों में शतक
इससे पहले अजिंक्य रहाणे ने टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी शतक जड़ दिया। यह उनके टेस्ट करियर का छठवां शतक है। किसी टेस्ट की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले वे 5वें भारतीय बन गए हैं। पहली पारी में उन्होंने 127 रन बनाए थे। रहाणे का भारत में यह दूसरा टेस्ट शतक है। इस मैच में बनाए गए दो शतकों से पहले के सभी 4 शतक उन्होंने विदेशी धरती पर बनाए थे।

पारी घोषित होने के समय उनके साथ रिद्धिमान साहा (23) नाबाद लौटे। टीम इंडिया को कप्तान विराट से शतक की उम्मीद थी, लेकिन वे 88 रन के निजी स्कोर पर काइल एबॉट की गेंद में पगबाधा आउट हो गए। चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका को यही एकमात्र सफलता मिली।

तीसरे दिन के खेल का अपडेट: कोहली के नाम रहा दिन
तीसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण 9 ओवर पहले ही खत्म घोषित कर दिया गया था। स्टंप्स के समय टीम इंडिया की कुल बढ़त 403 रन हो गई थी। कोहली और रहाणे ने सीरीज की पहली शतकीय साझेदारी की। रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी 8वीं, वहीं विराट ने 11वीं फिफ्टी पूरी की। कप्तान विराट कोहली (83) और अजिंक्य रहाणे (52) नाबाद रहे थे। कोहली के अलावा शिखर धवन ने 21 और चेतेश्वर पुजारा ने 28 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से मॉर्ने मॉर्कल ने 3 और इमरान ताहिर ने एक विकेट लिया।

गौरतलब है कि टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन नहीं दिया और बैटिंग करने का फैसला किया। फॉलोऑन टालने के लिए दक्षिण अफ्रीका को 135 रन बनाने थे, लेकिन वह 121 रन पर ही सिमट गई।

दूसरे दिन के खेल का अपडेट : रहाणे-जडेजा के नाम रहा दिन
दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीकी टीम टीम इंडिया के 334 रन के जवाब में पहली पारी में 121 रन पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार भारत को पहली पारी में 213 रन की बढ़त हासिल हुई। टीम इंडिया को रवींद्र जडेजा ने 5 विकेट दिलाए, जबकि उमेश यादव और अश्विन ने 2-2 विकेट झटके। ईशांत शर्मा को एक विकेट मिला।

रहाणे के शतक के बाद अश्विन की फिफ्टी
मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया 334 रन पर ऑलआउट हो गई। अंतिम विकेट ईशांत शर्मा के रूप में गिरा। इससे पहले अजिंक्य रहाणे ने घरेलू मैदान पर पहला और करियर का 5वां शतक पूरा किया। रहाणे 127 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के लगाए। रहाणे ने 215 गेंदों का सामना किया। वहीं उनके और अश्विन के बीच 98 रन की साझेदारी हुई। अश्विन ने 140 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्होंने तेज गेंदबाज उमेश यादव के साथ 38 की साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका की ओर से काइल एबॉट ने 5, डेन पीट ने 4 और इमरान ताहिर ने एक विकेट लिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पहले दिन के खेल का अपडेट
टॉस जीतने के बाद टीम इंडिया की बल्लेबाजी एक बार फिर खराब रही और उसके 5 विकेट महज 138 रन पर ही गिर गए। कप्तान विराट कोहली ने जरूर कुछ अच्छे शॉट खेले और क्रीज पर समय बिताया, लेकिन 44 रन के निजी स्कोर पर डेन पीट की गेंद पर डेन विलास को कैच दे बैठे। इसके बाद रिद्धिमान साहा एक रन पर बोल्ड हो गए। टीम इंडिया की बैटिंग लड़खड़ा गई और लगने लगा था कि टीम 200 तक भी नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन अजिंक्य रहाणे और रवींद्र जडेजा ने 50 रन से अधिक की साझेदारी करके स्कोर 198 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर रवींद्र जडेजा (24) आउट हो गए। इसके बाद अश्विन के साथ 33 रन की साझेदारी करके रहाणे नाबाद लौटे। पहले दिन का खेल खराब रोशनी के कारण निर्धारित 90 ओवर से पहले ही समाप्त घोषित करना पड़ा, जबकि 6 ओवर फेंके जाने बाकी थे। खेल खत्म होने के समय टीम इंडिया ने 7 विकेट पर 231 रन बनाए थे।