T20 World Cup 2026 में मेगा मुकाबले (India vs Pakistan) में पाकिस्तान ने टॉस जीतने के बाद पहले बैटिंग थमाई तो करोड़ों भारतीय फैंस चिंता में डूब गए कि युवा स्टार पहली बार इन हालात में खेल रहे हैं, क्या एप्रोच होगी? कोलंबो की पिच किसे फायदा पहुंचागी वगैरह..वगैरह. इससे अलग एक वर्ग ऐसा भी था जो उम्मीद कर रहा था कि वापसी करने वाले धुरंधर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और प्रचंड फॉर्म में चल रहे ईशान किशन (Ishan Kishan) दोनों मिलकर पाकिस्तानियों का ऐसा बैंड बजाएंगे कि धुआंधार शुरुआत का एक अलग ही आयाम देखने को मिलेगा. लेकिन पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक को चलता कर उनकी बोलती बंद कर दी. वहीं जो वर्ग यह उम्मीद कर रहा था कि इस बार भारत के धुरंधर पावर-प्ले यानी शुरुआती 6 ओवरों में वैसी ही धुलाई करेंगे, जैसी पाकिस्तान के खिलाफ की थी, तो उनके अरमान दिल के दिल में ही धरे रह गए. बहरहाल, इन छह ओवरों ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनके बॉलरो को दूसरी पारी के लिए बड़े संदेश दे दिए
1. भारतीय बॉलरों को साफ संदेश
शुरुआती छह ओवरों के लिए भारतीय बॉलरों खासकर हार्दिक पंड्या के लिए साफ संदेश है कि यहां वे सीम और स्विंग के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें. हालांकि, दूसरी पारी में पिच में नमी होगी, लेकिन बेहतर यही है कि यहां सीम, पेस और स्विंग से ज्यादा गेंद की गति से खेला जाए. हवा में गति कम, स्लोअर बाउंसर. साथ ही फ्रंटफुट पर ज्यादा खिलाया जाए और बैकफुट के लिए बिल्कुल भी जगह न ही दी जाए.
2. यहां बड़ा दांव कुछ भी कर सकता है!
सूर्यकुमार को दूसरा बड़ा संदेश पाकिस्तान कप्तान सलमान आगा ने पारी का खुद पहला ओवर फेंक कर दिया. मतलब परंपरा से पूरी तरह उलट और यदा-कदा इस्तेमाल की जाने वाली रणनीति को हथियार बनाया. और पहला ओवर मीडियम पेसर से न कराकर स्पिनर पर दांव लगाया. और यह दांव पूरी तरह से काम कर गया. पेसर का इंतजार कर रहे अभिषेक इस 'गुगली' से भौंचक्का रह गए. उनकी बॉडी लैंग्वेज पर इसका साफ-साफ दिखाई पड़ा. अभिषेक को स्ट्रोक खेलने में परेशानी हुई, तो धैर्य टूटा और इससे वह पहले ही ओवर की छठी गेंद पर आउट हो गए. ऐसे में यह कप्तान यादव और हेड कोच गौतम गंभीर के लिए साफ संदेश है कि वह भी यहां पाकिस्तानियों को इस रणनीति से चौंका सकते हैं.
3. शुरुआत में ही स्पिनरों से हमला !
पाकिस्तान कप्तान सलमान आगा ने पावर-प्ले यानी शुरुआती 6 ओवरों में ही स्पिनरों की पूरी की पूरी फौज उतार दी. कप्तान ने खुद के अलावा सैम अय्यूब के अलावा लेग स्पिनर अबरार अहमद के साथ मिलकर भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ 'चक्रव्यूह' रच दिया. इसमें भारत को दो नुकसान हुए. एक तो अभिषेक शर्मा इसमें फंस गए, तो वहीं भारतीयों की पावर-प्ले की पावर पर भी खासा असर पड़ा. टीम इंडिया वो स्कोर बनाने से खासी दूर रह गई, जिसकी उम्मीद करोडों फैंस कर रहे थे. कहा जा सकता है कि सलमान आगा की 60 प्रतिशत रणनीति काम कर गई. लेकिन इसने कप्तान यादव और हेड कोच गौतम गंभीर को बड़ा संदेश दे दिया. अब देखने की बात यह होगी कि दूसरी पारी में पिच कैसा खेलती है और भारतीय प्रबंधन पाकिस्तान की तरह सरप्राइजिंग रणनीति का इस्तेमाल किस 'हथियार' से करते हैं.
यह भी पढ़ें: 3 छक्के, 10 चौके... पाकिस्तानी गेंदबाजों को ईशान किशन ने तबीयत से धोया; ठोक डाले 77 रन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं