विज्ञापन

3 छक्के, 10 चौके... पाकिस्तानी गेंदबाजों को ईशान किशन ने तबीयत से धोया; ठोक डाले 77 रन

Ishan Kishan Against Pakistan: टीम इंडिया के बायें हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आज पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने महज 40 गेंदो में धुआंधार अर्द्धशतक ठोक डाला.

3 छक्के, 10 चौके... पाकिस्तानी गेंदबाजों को ईशान किशन ने तबीयत से धोया; ठोक डाले 77 रन
कोलंबो:

टी-20 विश्वकप का मैच. भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला. स्टेडियम खचाखच भरा हुआ. तनातनी के बीच खेला गया मैच. हर तरफ क्रिकेट का शोर. जब मैच दो परंपरागत विरोधियों के बीच हो तो मजा आना तो तय है. ऐसे में छोटे कद के खब्बू बल्लेबाज ईशान किशान ने आज श्रीलंका के कोलंबो में जमकर अपने बल्ले से रन बरसाए. शुरुआत में पाकिस्तानी स्पिनरों की लहराती गेंदों ने उन्हें कुछ चकमा दिया लेकिन जब एक बार ईशान के बल्ले ने लय पकड़ी तो फिर पड़ोसी गेंदबाज पानी मांगने लगे. महज 40 गेंदों में ईशान ने 10 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के की मदद से धुआंधार 77 रन ठोक डाले. 

भारत को पहले झटके के बाद संभाला 

अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे. उस समय भारत का स्कोर महज 1 रन था. अभिषेक के आउट होते ही ईशान ने अपना गियर बदल लिया. उनके निशाने पर पाकिस्तानी स्पिन तिकड़ी अबरार अहमद, शादाब खान और सलमान आगा आ गए. ईशान ने बिना वक्त गंवाए इसके इन स्पिनरों पर स्वीप, कट, ग्लांस और पुल शॉट लगाकर जमकर रन बोटरे. 

टीम इंडिया को दबाव से निकाला 

पहला विकेट गिरने के बाद अक्सर टीम इंडिया दबाव में आ जाती रही है. इतिहास इसका गवाह रहा है. मुकाबला जब पाकिस्तान के खिलाफ हो तो खिलाड़ियों पर दबाव कैसा होता है, इसे आसानी से समझा जा सकता है. इन फॉर्म अभिषेक के विकेट गिरने के बाद ये ईशान ही थे जिन्होंने टीम इंडिया पर कोई दबाव नहीं आने दिया. हां, थोड़ा वक्त उन्हें जरूर पाकिस्तानी स्पिनरों को समझने में लगा लेकिन उन्होंने तुरंत ही पिच को समझ लिया. इसके बाद उन्होंने फिर तो एकतरफा रन बटोरना शुरू किया. उनका साथ निभाने आए तिलक वर्मा दूसरे छोर पर चुपचाप अपने इस खब्बू बल्लेबाज की पारी को निहार रहे थे. ईशान ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. चाहे तेज गेंदबाज हों या फिर स्पिनर उन्होंने दोनों पर जमकर रन बटोरे. 

Latest and Breaking News on NDTV

टी-20 के जमाने वाले हर शॉट लगाए 

टी-20 को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी वाला गेम माना जाता है. यानी विकेट पर आते ही बैटर पर रन बनाने का प्रेशर होता है. ईशान ने प्रेमदासा स्टेडियम में टी-20 क्रिकेट की खूबसूरती वाले सारे शॉट लगाए. तेज गेंजबाल पर पुल के जरिए रन बटोरे. अबरार अहमत की गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव के जरिए चौका बटोरा. वहीं क्रीज का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने कुछ शानदार कट भी खेले. 

विकेट के चारों तरफ रन बटोरे 

पाकिस्तानी स्पिनर सैम अयूब की गेंद पर अपना विकेट फेंकने से पहले ईशान ने मैदान के चारों तरफ जोरदार और करारे प्रहार किए. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी को तो उनके पहले ही ओवर में उन्होंने जमकर कूटा और 15 रन बटोर लिए.

बड़े मैच के बड़े खिलाड़ी 

ईशान ने अपनी इस पारी से दिखा दिया कि वे बड़े मैचों के शानदार खिलाड़ी हैं. उन्होंने रिवर्स स्वीप के जरिए भी खूब रन बनाए. पाकिस्तान के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट कमाल का रहा. 192.50 के औसत से उन्होंने रन कूटे. स्थिति तो ये हो गई थी कि एक समय पाकिस्तानी गेंदबाज ईशान के सामने असहाय नजर आ रहे थे. 

Latest and Breaking News on NDTV

पर गंवा दिया विकेट 

पर ईशान ने एकबार फिर वही गलती दोहराई. विकेट पर जमने और नजरें जमा लेने के बाद उन्होंने फिर अपना विकेट गंवा दिया. एक वक्त भारत जब 80 रन के ऊपर पहुंच चुका था और प्रति ओवर 10 रन से आगे बढ़ रहा था तो ईशान थोड़े ज्यादा आक्रामक होने के चक्कर में अपना विकेट फेक गए. 

अयूब की गेंद पर लगातार शॉट लगा रहे ईशान उनकी एक अंदर आती गेंद को कट करने के चक्कर में चूक गए और गेंद बेल्स को उड़ाती हुई निकल गई. लेकिन तबतक ईशान भारत को पहले झटके से उबार चुके थे. टीम इंडिया को ईशान के रूप में 88 रन पर दूसरा झटका लगा था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com