कोलंबो में भारत-पाक मैच को लेकर जिस हाई वोल्टाज उफ़ान की जितनी उम्मीद की जा रही थी, उन्माद उससे कहीं ज्यादा होता गया. अचानक ही प्रेमदासा स्टेडियम के बाहर की करीब 750 मीटर की सड़क किसी भारतीय स्टेडियम जैसी दिखने लगी.
अमेरिका से कोलंबो आए कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. नीलेश मेहता भी प्रेमदासा स्टेडियम के बाहर हैरान दिखे. डॉ. नीलेश मेहता ने कहा, 'ये अमेजिंग है. कमाल का क्रिकेट कार्निवाल लग रहा है. इसीलिए भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट मैच होते रहने चाहिए. ये वर्ल्ड क्रिकेट के लिए जरूरी है.'
अमेरिका की NCL लीग (टी-10 नेशनल क्रिकेट लीग) के 'अटलांटा किंग्स' के मालिक रमन कहते हैं, 'बस यही माहौल चाहिए. सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर सर के साथ मैं अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ाने की कोशिश कर रहा हूं. उम्मीद करता हूं कि एक दिन वहां भी ऐसा माहौल दिखेगा.'
'भारत माता की जय'
NDTV के लाइव प्रसारण के दौरान दुनिया भर से फैंस कैमरे के सामने आकर नारे लगाते रहे. लेकिन पाकिस्तान के कराची से आए सैफ ने तो कमाल ही कर दिया. उन्होंने आते ही कहा, 'भारत माता की जय! पाकिस्तान जिन्दाबाद!' अचानक ही सैफ के दोस्त भी यही नारे लगाने लगे. एक सकारात्मक बात का इतना पॉजिटिव असर लाइव दिखना कमाल का अनुभव रहा.

'मैं जहां जाती हूं, टीम इंडिया जरूर जीतती है'
NDTV के लाइव प्रसारण के दौरान दुबई से आईं एक नामचीन इन्फ़्लुएंसर सुजीता धनुष अचानक कैमरे के सामने प्रकट हो गईं. इंस्टाग्राम पर उनके 3.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं. वो भारत-पाक मैच से पहले खासकर अभिषेक शर्मा से मिलकर बेहद खुश नजर आईं. एशिया कप और वर्ल्ड कप में भी वो स्टेडियमों में टीम इंडिया की जीत का गवाह रही हैं. कहती हैं, 'मैं जहां जाती हूं, टीम इंडिया जरूर जीतती है. इसलिए अब सोचा है हर देश में टीम इंडिया के सारे मैच स्टेडियम जाकर देखूं.'
भिड़ गए सुपरफैंस- शान्ति गोयल और पाकिस्तानी चाचा
टीम इंडिया के एक सुपर फैन, ट्राइकलर बियर्ड फैन, जिन्होंने अपनी दाढ़ी पर तिरंगा बना रखा है और जो टीम इंडिया के मैचों में आपको जरूर दिख जाएंगे, मैदान के बाहर आकर फैंस का रोल निभाते रहे. लेकिन 'पाकिस्तानी चाचा' नाम के फैंस ने जंग की बात छेड़कर उन्हें खूब उकसाने की कोशिश भी की. प्रेमदासा स्टेडियम के बाहर दोनों के बीच बातें इतनी बढ़ गई कि लगा कि मारपीट ना हो जाए. आखिरकार जोर-शोर से नारों के बाद मसला किसी तरह शांत हुआ.
श्रीलंका के कोलंबो में आज टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच देखने के लिए हजारों फैन्स पहुंच रहे हैं, इसी दौरान NDTV से बात करते हुए स्टेडियम के बाहर पाक और इंडिया के फैंस आपस में भिड़ गए!#IndVsPak | #T20WorldCup2026 | @Vimalsports pic.twitter.com/Yb6Zj5YRxr
— NDTV India (@ndtvindia) February 15, 2026
भारत के साथ रहे बांग्लादेशी फैन
बांग्लादेश को इस वर्ल्ड कप में खेलने का मौका नहीं मिल पाया. लेकिन प्रेमदासा स्टेडियम के बाहर टीम इंडिया की जर्सी के एक स्टाल पर बांग्लादेश के बारिशाल के साहिब और बांग्लादेश के ही बाबूलाल मिल गए. दोनों ही विराट कोहली के टी-शर्ट खरीद रहे थे. साहिब ने कहा, 'मैं तो विराट कोहली का फैन हूं. इंडिया को सपोर्ट करने आया हूं.' जबकि, बाबूलाल ने कहा, 'मुझे विराट और रोहित दोनों अच्छे लगते हैं. इस मैच में अभिषेक और हार्दिक को अच्छा करते देखना चाहता हूं. टीम इंडिया ही जीतेगी.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं