विज्ञापन

IND vs ENG, Semifinal: अगर सेमीफ़ाइनल में ये ग़लती दुहराई तो पड़ेगा बेहद महंगा- कांटे की टक्कर पर किसका पलड़ा भारी?

India vs England T20 World Cup 2026 Semifinal: वानखेड़े स्टेडियम. भारत के लिए 2011 की वर्ल्ड कप जीत का मैदान. लेकिन यहां वर्ल्ड कप सेमीफाइनल भारत के लिए हमेशा आसान नहीं रहे हैं. दोनों टीमें के लिए इस दफा टूर्नामेंट का सफर बेहद आसान नहीं रहा है. लेकिन भारतीय टीम इस मुकाम पर पहुंचकर थोड़ा बेहतर सेटल्ड दिख रही है.

IND vs ENG, Semifinal: अगर सेमीफ़ाइनल में ये ग़लती दुहराई तो पड़ेगा बेहद महंगा- कांटे की टक्कर पर किसका पलड़ा भारी?
India vs England T20 World Cup 2026 Semifinal
  • भारत -इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा
  • टीम इंडिया ने अब तक टूर्नामेंट में 13 कैच छोड़े हैं, जो नॉकआउट मैच में महंगी साबित हो सकते हैं
  • गेंदबाजी कोच मॉर्नि मॉर्केल ने टीम की बैटिंग डेप्थ को ताकत बताया और परफेक्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

India vs England T20 World Cup 2026 Semifinal: उपमहाद्वीप के फैन भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को महा-मुकाबला मानते हैं. लेकिन वर्ल्ड कप और क्रिकेट की क्वालिटी के लिहाज से देखें तो भारत और इंग्लैंड के बीच कांटे की टक्कर रही है. भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तीसरा सीधा सेमीफाइनल मुक़ाबला होगा.  भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों ने अब तक एक-एक सेमीफ़ाइनल मैच अपने नाम किया है. एडिलेड में मुकाबला इंग्लैंड के पक्ष में रहा जबकि गायना में भारत की जीत के गीत गाये गए. अब वानखेड़े स्टेडियम में तीसरा राउंड, दोनों टीमों के लिए तीसरे खिताब का दरवाजा खोल सकता है.

संजू सैमसन की पारी के बाद टीम कॉन्फ़िडेंट

वानखेड़े स्टेडियम. भारत के लिए 2011 की वर्ल्ड कप जीत का मैदान. लेकिन यहां वर्ल्ड कप सेमीफाइनल भारत के लिए हमेशा आसान नहीं रहे हैं. दोनों टीमें के लिए इस दफा टूर्नामेंट का सफर बेहद आसान नहीं रहा है. लेकिन भारतीय टीम इस मुकाम पर पहुंचकर थोड़ा बेहतर सेटल्ड दिख रही है.

टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मॉर्नि मॉर्केल टीम के बैटिंग डेप्थ को टीम की ताक़त मानते हैं. दक्षिण अफ़्रीकी दिग्गज मॉर्केल कहते हैं, “"हमने एक परफेक्ट गेम के बारे में बात नहीं की है। इस टीम में क्वालिटी है कि किसी न किसी दिन कोई खड़ा हो जाता है। उम्मीद है कल, वह विशेष प्रदर्शन होगा।"

ये ग़लती पड़ सकती है महंगी- अबतक 13 कैच छूटे 

क्रिकेट की पुरानी कहावत है- ‘पकड़ो कैच, जीतो मैच'.  लेकिन इस लिहाज़ से टीम इंडिया को काफ़ी सावधान रहने की ज़रूरत है. पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया के फील्डर्स ने अब तक 13 कैच छोड़े हैं. उम्मीद करनी चाहिए कि ये ग़लती इंग्लैंड के ख़िलाफ़ नॉकआउट मैच में नहीं दुहराई जाएगी. गेंदबाज़ी कोच मॉर्नि मॉर्केल कहते हैं, “कोई कैच जानबूझकर नहीं छोड़ता. यह मानसिक स्थिति की बात है. हम काम करते रहते हैं."

संकटमोचक बनते हैं बुमराह

विपक्षी टीम की बल्लेबाजी जब भारतीय टीम पर दबाव बनाती है तब भारत अक्सर जसप्रीत बुमराह की ओर देखता है. वो हमेशा भारत को मुसीबत से निकलते भी नजर आते हैं. लेकिन टीम को अब तक टूर्नामेंट में अपनी सभी फिक्र का ठोस जवाब नहीं मिला है. अभिषेक शर्मा गर्म और ठंडे दिखे हैं तो वरुण चक्रवर्ती लय की तलाश में.

इंग्लैंड के लिए आसान नहीं रहा है सफ़र

 टूर्नामेंट में भारत की तरह दो बार की चैंपियन इंग्लैंड का सफर उठापटक भरा रहा है. उन्हें इसी टूर्नामेंट में नेपाल और इटली के खिलाफ लगातार दो हार का सामना करना पड़ा - फिर भी ये टीम यहां तक पहुंच गई है. इंग्लैंड की टीम। पांचवीं बार सीधे सेमीफाइनल तक पहुंची है. 

सैम कुर्रान टीम में लौट आए हैं. विल जैक्स ने चार प्लेयर-ऑफ-द-मैच प्रदर्शन के साथ उन्हें बचा लिया है. लेकिन बटलर और सॉल्ट जिसे टी20 क्रिकेट की सबसे डरावनी ओपनिंग जोड़ी माना जाता है - ने सात पारियों में सिर्फ 84 रन बनाए हैं.

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक  ने इस टूर्नामेंट में तूफ़ानी पारी भी खेली है. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक कहते हैं, “हमने कई नज़दीकी मैच जीते हैं. विश्व कप में, यह मायने रखता है. ऐसा लगता है कि हम कभी भी मैच से बाहर नहीं हुए हैं."

क्या कहते हैं आंकड़े?

टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अबतक पांच बार टक्कर हुई है जिसमें भारत का पलड़ा भारी रहा है. लेकिन सेमीफ़ाइनल में दोनों टीमों ने एक-एक बाज़ियां अपने नाम की हैं: 

टी—20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत बनाम इंग्लैंड

  • कुल सेमीफ़ाइनल भिड़ंत 2
  • भारत जीता 1-  (2024 में गायना में भारत ने इंग्लैंड को 68 रनों से हराया)
  • इंग्लैंड जीता 1- (2022 में ऐडिलेड में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया)

टी—20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम इंग्लैंड

  • मैच 5
  • भारत जीता 3
  • इंग्लैंड जीता 2

वानखेड़े का X फैक्टर

छोटी बाउंड्री, तेज आउटफील्ड और बाद में ओस. इन सबके साथ वानखेड़े साहसी टीम को पुरस्क़त करती रही है. हिचकिचाए और लड़खड़ाए नहीं कि आप गए! न तो कोई टीम परफेक्ट रही है, ना ही दोनों का सफ़र मखमली और बिना उठापटक के रहा है. दोनों टीमों को एक परफेक्ट रात की जरूरत है और अगले दिन एक परफेक्ट मैच की. वानखेड़े का शोर दोनों टीमों पर दबाव भी बना सकता है. मगर विजेता टीम के लिए ऐतिहासिक तीसरा वर्ल्ड कप ख़िताब आज रात हर खिलाड़ी और फ़ैन्स के ख्वाब का हिस्सा होगा.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को मिलेगा सबसे युवा टेस्ट कोच! 38 की उम्र में इस चैंपियन को मिल सकती है कमान

यह भी पढ़ें: SA vs NZ, T20 WC 2026: फिन ऐलन के विस्फोट में उड़ी दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड ने शान से फाइनल में किया प्रवेश

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com