इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू के बाद अब पूरा फोक्स इस पर शिफ्ट है कि विश्व चैंपियन टीम इंडिया की जीत की गाड़ी पटरी पर कैसे लौटेगी. सूर्या से कप्तानी लेकर श्रेयस अय्यर को थमाई गई, लेकिन चार मैचों के बाद भी उन्हें अपनी पहली जीत का इंतजार है. तो दूसरी तरफ बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों ने गंभीर और मैनेजमेंट के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी हैं. दूसरे टी20 में भारत की जीत के मुहाने पर खड़ा था, लेकिन रवि बिश्नोई के ओवर ने पूरी बाजी पलट दी. ऐसे में भारतीय टीम के सामने सवाल है कि क्या तीसरे मैच में एक अतिरिक्त स्पिनर उतारा जाए या फिर प्रिंस यादव को मौका दिया जाए. सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था, जबकि दूसरा इंग्लैंड ने जीता. अगर भारत आज नहीं जीता तो वह सीरीज नहीं जीत पाएगा.
क्या असर दिखाएगी पिच
ट्रेंट ब्रिज की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है. पिछले 15 में से 11 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं. जबकि इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 191 का है. इस मैदान पर सबसे बड़ा टोटल पाकिस्तान के नाम है, जिन्होंने 2021 में 232 रन बनाए थे.
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा से एक बार फिर आक्रामक पारी की उम्मीद होगी. पिछले छह महीनों से आईपीएल समेत अधिकांश मुकाबले सपाट विकेटों पर खेलने वाली भारतीय बल्लेबाजी इकाई इंग्लैंड की अतिरिक्त उछाल, गेंद की हरकत और सैम कुरन जैसे गेंदबाजों की विविधताओं के सामने संघर्ष करती दिखी है.
कैसा रहेगा मौसम
नॉटिंघम में मैच के दिन बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बादल छाए रहने की कोई संभावना नहीं है. ओवरकास्ट कंडीशन रह सकती है.
प्रिंस यादव को मिलेगा मौका?
मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 में बिश्नोई पूरी तरह लय से बाहर नजर आए. उन्होंने तीन 'बैक-फुट नो-बॉल' फेंकी और पारी के 17वें ओवर में 29 रन लुटाए. चार ओवर में बिना विकेट लिए 60 रन खर्च करने के बाद उनकी टीम में जगह पर सवाल उठने लगे हैं. ट्रेंट ब्रिज की परिस्थितियों को देखते हुए बिश्नोई का प्लेइंग इलेवन में शामिल होना मुश्किल माना जा रहा है. उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है. स्विंग और पिच से अतिरिक्त हरकत हासिल करने की उनकी क्षमता उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा से बेहतर विकल्प बनाती है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर/प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
इंग्लैंड प्लेइंग XI: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं