भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के 18वें टेस्ट शतक (नाबाद 130) और ओपनर मयंक अग्रवाल के अर्धशतक की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (India vs Australia)चौथे टेस्ट के पहले दिन ही अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. सिडनी टेस्ट के पहले दिन स्टंप्स के समय टीम इंडिया का स्कोर चार विकेट पर 303 रन था. चेतेश्वर पुजारा के साथ हनुमा विहारी 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं. मैच का पहला दिन आज पूरी तरह से भारतीय बल्लेबाजों के नाम पर रहा. जहां चेतश्वर पुजारा ने सीरीज में अपना तीसरा शतक जमाया, वहीं मेलबर्न टेस्ट में अर्धशतक के साथ डेब्यू करने वाले मयंक अग्रवाल दूसरे टेस्ट में भी अर्धशतक जमाने में कामयाब रहे. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने केएल राहुल (9) का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन इसके बाद मयंक और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की. भारत ने अगले तीन विकेट मयंक अग्रवाल (77), कप्तान विराट कोहली (23)और अजिंक्य रहाणे (18) के रूप में गंवाए. इस मैच के लिए भारतीय टीम में रोहित शर्मा की जगह केएल राहुल और ईशांत शर्मा की जगह चाइनामैन कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में स्थान दिया गया है. भारतीय टीम के पास सीरीज के इस आखिरी टेस्ट में जीत दर्ज कर इतिहास रचने का मौका है. विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है. भारत अगर मैच ड्रॉ भी करा लेता है तो भी वह 2-1 से सीरीज जीत लेगा. अगर ऐसा होता है तो यह ऑस्ट्रेलिया में उसकी पहली टेस्ट सीरीज जीत होगी.
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत: विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली,अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह.
ऑस्ट्रेलिया: टिम पेन (कप्तान), मार्कस हैरिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकोंब, ट्रेविस हेड, पैट कमिंस, मिचेल स्टॉर्क, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड.