8 years ago
नई दिल्ली:
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के 326 रन के जवाब में मेहमान भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली (नाबाद 81 रन) और अजिंक्य रहाणे (नाबाद 51) की नाबाद अर्धशतकीय पारियों से खुद को काफी हद तक शुरुआती झटकों से उबार लिया. ये दोनों अभी तक चौथे विकेट के नाबाद 90 रन की साझेदारी निभा चुके हैं. इनकी इस नॉटआउट कोशिश से भारत ने दिन का खेल समाप्त होने पर 3 विकेट के नुकसान पर 172 रन बना लिए हैं. भारत अभी भी पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया से 154 रन पीछे हैं. और तीसरे दिन इस बढ़त को कम करने के लिए भारत की बहुत ज्यादा उम्मीदें इस जोड़ी पर निर्भर करेंगी, तो वहीं कोहली के चाहने वालों को विराट के 26वें टेस्ट शतक का भी बेसब्री से इंतजार रहेगा. ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन में से दो विकेट मिशेल स्टॉर्क ने चटका. ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाए थे, जिसमें ईशांत शर्मा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए.