- टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में भारत और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी
- भारतीय टीम की शुरुआत ईशान और अभिषेक करेंगे, जबकि मध्यक्रम की जिम्मेदारी तिलक, सूर्यकुमार और रिंकू पर होगी
- हार्दिक, शिवम दुबे और अक्षर पटेल तीन ऑलराउंडर के रूप में टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों संभालेंगे
India vs South Africa, ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'सुपर-8' चरण का आगाज हो चुका है. यहां भारतीय टीम की पहली भिड़ंत 2024 की उपविजेता टीम दक्षिण अफ्रीका के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. क्रिकेट के दिग्गजों का मानना है कि यह फाइनल से पहले की फाइनल भिड़ंत है. टीम इंडिया को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. वहीं अफ्रीकी टीम कठिन ग्रुप में अपने प्रतिद्वंदियों को मात देते हुए यहां तक पहुंची है. न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रोटियाज ने जिस तरह आसानी के साथ जीत हासिल की थी. उसे देख कई लोग अफ्रीकी टीम को भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती मान रहे हैं.
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले इस रोमांचक मुकाबले से पहले बात करें भारतीय टीम इस बड़े मुकाबले में किन धुरंधरों के साथ मैदान में उतर सकती है, तो वो कुछ इस प्रकार है-
ईशान किशन और अभिषेक शर्मा करेंगे पारी का आगाज
ईशान किशन का मैदान में उतरना कंफर्म है. जारी टूर्नामेंट में वह एक अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं. हालांकि, अभिषेक शर्मा का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. वह टूर्नामेंट में अबतक खाता भी नहीं खोल पाए हैं. मगर हाल के दिनों में उन्होंने जिस तरह का खेल दिखाया है. उसे देख शायद ही कोच और कप्तान उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखेंगे.
तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह के ऊपर रहेगी मध्यक्रम की कमान
मध्यक्रम की कमान विशेष रूप से तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह के कंधों पर रहेगा. ये तीनों खिलाड़ी पेशवर बल्लेबाज हैं और किसी भी परिस्थिति में ढहती बल्लेबाजी क्रम को संवारने का दम रखते हैं. मजे की बात है यह है कि ये तीनों खिलाड़ी फॉर्म में भी हैं.
तीन ऑलराउंडर के साथ मैदान में उतर सकती है टीम इंडिया
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम तीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर सकती है. ये तीनों खिलाड़ी कोई और नहीं हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल हैं. पंड्या, दुबे और अक्षर गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी मैच का रूख बदलने में माहिर हैं.
इनके कंधों पर रहेगा गेंदबाजी का भार
तेज गेंदबाजी का भार विशेष रूप से जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के कंधों पर रहेगा. वहीं मुख्य स्पिनर के तौर पर वरुण चक्रवर्ती का मैदान में उतरना कन्फर्म है. शेष ओवर को पंड्या, दुबे और पटेल पूरा करते हुए नजर आएंगे.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
1 अभिषेक शर्मा, 2 ईशान किशन (विकेटकीपर), 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पंड्या, 6 रिंकू सिंह, 7 शिवम दुबे, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह और 11 वरुण चक्रवर्ती.
इन धुरंधरों के साथ मैदान में उतर सकती है अफ्रीकी टीम
वहीं बात करें अफ्रीकी टीम के बारे में तो मार्कराम टीम की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे. वहीं विकेट के पीछे दस्ताने की भूमिका में डी कॉक नजर आ सकते हैं. पेच कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्टजे में फंस रहा है. ये देखना दिलचस्प होगा कि टीम इन दोनों दिग्गजों में से किस गेंदबाज के साथ मैदान में उतरती है. स्पिन विभाग की जिम्मेदारी केशव महाराज उठाएंगे.
दक्षिण अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन
1 एडेन मार्कराम (कप्तान), 2 क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3 रयान रिकेलटन, 4 डेवाल्ड ब्रेविस, 5 ट्रिस्टन स्टब्स, 6 डेविड मिलर, 7 मार्को जानसन, 8 कॉर्बिन बॉश, 9 केशव महाराज, कगिसो रबाडा/एनरिक नॉर्टजे और 11 लुंगी एनगिडी.
यह भी पढ़ें- IND(W) vs AUS(W): स्मृति मंधाना का धमाका, कोहली वाला रिकॉर्ड ही नहीं, ये बड़ा कारनामा करके भी पूरी दुनिया को चौंकाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं