- योग गुरु स्वामी रामदेव ने बाबा बागेश्वर पर हमला बोलते हुए उन्हें पाखंडी भी कहा था
- स्वामी रामदेव ने बाद में कहा कि उनका धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से छोटे भाई जैसा रिश्ता है
- रामदेव ने स्पष्ट किया कि उनकी बात को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी प्यार से माना है
योग गुरु स्वामी रामदेव ने सोमवार को बाबा बागेश्वर पर हमला बोला था और उन्हें पाखंडी तक कह डाला था. अब इस बात को उन्होंने कहा कि मेरा रिश्ता तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से छोटे भाई जैसा है. मेरी बात को उन्होंने भी प्यार माना है और इस मसले को यहीं समाप्त कर देना चाहिए. इस तरह एक दिन के अंदर ही रामदेव ने अपना रुख बदल लिया है. उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर हमारे लिए बालक जैसे हैं. हमें जो अनुचित लगा, उसे हमने कह दिया और डांट दिया. उन्होंने हमारी बात को प्यार मानकर स्वीकार किया तो यह उनकी महानता है.
रामदेव ने कहा कि भगवान का अपमान सनातन परंपरा नहीं है. सभी संतों ने यही कहा है कि सनातन धर्म सबके कल्याण के लिए है. इसमें न कोई चमत्कार है और न ही वहां कोई अंधविश्वास है. इसका तो कोई सवाल ही नहीं है. अंधश्रद्धा नहीं है. सनातन कहता है- हमारा ज्ञान, भक्ति और कर्म शुद्ध हों. सभी में एक दर्शन करें और यही सर्वत्र है. उन्होंने कहा कि विदेशियों की लूट और समझदार लोगों के झूठ ने इस देश को बहुत पीछे धकेला है. उन्होंने कहा कि सनातनियों में आपस में फूट नहीं होनी चाहिए. भगवान के दरबार में हम सभी समान हैं. किसी को ट्रोल करना या निंदा करना ठीक नहीं है. संत, ग्रंथ या भगवंत का किसी को अपमान नहीं करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि हम पहले भी एकांत में कई बार कह चुके थे. फिर बात जब ज्यादा बढ़ी तो खुलकर कहना पड़ा. हमारा एक ही लक्ष्य है कि मैं रहूं या न रहूं, यह देश रहना चाहिए. रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म को किसी भी प्रकार के ढोंग, आडंबर, पाखंड, अंधविश्वास, अन्धपरंपरा से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. हमारे चारों शंकराचार्य, स्वयं श्रीमद् जगद्गुरु भगवान शंकर के ही अवतारी आदि शंकराचार्य जी से लेकर के मध्वाचार्य जी, रामानंदाचार्य जी, जितने भी हमारे गुरु शंकरदेव, गुरु माधवदेव, हमारे गुरु बसवन्ना, और संत ज्ञानेश्वर जी महाराज, तुकाराम जी महाराज, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर— सब हमारे गुरुओं ने एक ही बात कही है.
'बड़े होते ही इसलिए हैं ताकि गलती पर टोकें'
बाबा बागेश्वर पर टिप्पणी को लेकर रामदेव ने कहा कि बड़ों का काम है. माता-पिता बड़े होते ही इसलिए हैं कि जब किसी से कोई गलती हो, एकांत में टोकें. फिर जब कोई ऐसी बात लगे कि भाई अब तो बात ज़्यादा ही बढ़ गई, हमने ऐसा लगा हमको कि हम बहुत बार एकांत में कह चुके थे. सार्वजनिक रूप से तो हमको कहना पड़ा. इसका हमें बहुत दुख भी है. लेकिन अब इस बात को यहीं पर समाप्त करना चाहते हैं और सबसे यही आह्वान करते हैं कि अब इस बात को तूल न दिया जाए क्योंकि हम सबका एक ही लक्ष्य है. मैं रहूं या न रहूं, मेरा देश रहना चाहिए, मेरा सनातन रहना चाहिए. भारत की एकता, अखंडता, संप्रभुता सुरक्षित रहनी चाहिए. जाति, वर्ग, समुदाय के नाम पर जो ज़हर फैला- मैं तो कहता हूं ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र ये भी जातिसूचक शब्द नहीं हैं, ये योग्यतासूचक तत्व हैं, शब्द हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं