जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने तीन मैच की टी20 सीरीज में भारत को प्रबल दावेदार मानने से इनकार करते हुए कहा कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होगी और उनके पास समान रूप से जीत हासिल करने के मौके होंगे. वर्ल्ड चैंपियन भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में हाल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसे आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की सीरीज में उसे चार मैच में हार मिली जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. अब उसके पास जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की राह पर लौटने का मौका होगा. इस सीरीज का पहला मैच बृहस्पतिवार को खेला जाएगा.
रजा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘इस सीरीज में दोनों देशों के पास समान मौके होंगे. हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है. हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह सीरीज बेहद रोमांचक होगी.''
जिम्बाब्वे ने फरवरी में कोलंबो में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था, उसने इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज की हैं.
रजा ने कहा, ‘‘जहां तक जीत हार का सवाल है तो दोनों टीमों के पास यह सीरीज जीतने के बराबर के मौके होंगे. भारत अभी बदलाव के दौर से गुजर रहा है जिससे यह सीरीज और अधिक रोमांचक हो गई है. मुझे नहीं लगता कि यह सीरीज एकतरफा होगी.'' दूसरा और तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 25 और 26 जुलाई खेले जाएंगे.
The journey that started in 2013 and when it started never in my wildest dream I thought this is something that's possible but indeed “Allah is the best planner”
— Sikandar Raza (@SRazaB24) July 21, 2026
The day was made even more special having my son there with me
Thank you Zimbabwe Cricket and my teammates for this… pic.twitter.com/wICWigg38E
सिकंदर रज़ा ने रचा इतिहास
सिकंदर रज़ा 314वां इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और वह जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं. 2013 में डेब्यू करने के बाद से, यह ऑलराउंडर तीनों फॉर्मेट में मैच जिताने वाले योगदान के साथ ज़िम्बाब्वे क्रिकेट की रीढ़ बन गया है. उन्होंने 9,000 से ज़्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं, 245 विकेट लिए हैं, 9 शतक और तीन बार एक पारी में 5 विकेट लिए हैं. साथ ही, उन्होंने टीम के दोबारा बनने के अहम दौर में कप्तान के तौर पर नेशनल टीम की कमान भी संभाली है.
ये भी पढ़ें- IND vs ZIM: वैभव सूर्यवंशी T-20 में बनाएंगे WORLD RECORD, 11 छक्के लगाते ही रचेगें इतिहास, बन जाएंगे नंबर 1
भारत का जिम्बाब्वे दौरा
| मैच | तारीख | वेन्यू | समय (IST) |
| पहला T20I | 23 जुलाई, 2026 (गुरुवार) | हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे | शाम 4:30 बजे IST |
| दूसरा T20I | 25 जुलाई, 2026 (शनिवार) | हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे | शाम 4:30 बजे IST |
| तीसरा T20I | 26 जुलाई, 2026 (रविवार) | हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे | शाम 4:30 बजे IST |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं