T20 World Cup 2026: खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के हालात दक्षिण अफ्रीका की वेस्टइंडीज पर 9 विकेट से जीत के बाद तुलनात्मक रूप से कहीं आसान हुए हैं. लेकिन NRR का समीकरण अभी पूरी तरह से आउट नहीं ही हुआ है! मतलब यह है कि अब यहां से भारतीय टीम जिंबाब्वे और विंडीज को सीधा हराकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. बात एकदम सही है! लेकिन इसमें भी NRR ने एक पेंच फंसा दिया है. अंतर बस इतना है कि हालात अगर-मगर जैसे हैं और मुश्किलें भारत के सेमीफाइनल के टिकट की राह की अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. बात यह है कि भारत को जिंबाब्वे के खिलाफ शानदार जीत के साथ-साथ खिलाफ अपना 'रक्षा कवच' भी अलग से साथ लेकर चलना होगा. और यह "रक्षा कवच' जिंबाब्वे द्वारा पहले बैटिंग का न्योता दिए जाने के बाद अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के अंदाज और मनोदशा में साफ-साफ दिखाई पड़ा. दिखाई पड़ा है कि प्रबंधन ने इन्हें रक्षा कवच को ध्यान में रखकर बैटिंग करने का निर्देश दिया था.
यह रक्षा कवच नहीं आसां...!
टीम इंडिया को यह रक्षा कवच मिल पाता है या नहीं, यह तो जिंबाब्वे के मैच खत्म होने के बाद ही पता चलेगा, लेकिन इरादा टीम इंडिया का बैटिंग शुरू होने की पहली गेंद से यही है. और यह रक्षा कवच धुरंधरों को तभी मिल पाएगा, जब वे अलग-अलग हालात के कारण बहुत ही ज्यादा हम बन चुके मुकाबले में जिंबाब्वे को 148 या इससे ज्यादा रनों के अंतर से मात दे पाएंगे. जी हां, यही 148+ रनों का आंकड़ा ही वह रक्षा कवच है, जिसके बारे में हम बार-बार जिक्र कर रहे हैं. अब जबकि भारतीय टीम बैटिंग कर रही है, तो आप अंदाजा लगाएं कि भारत को जिंबाब्वे को कम से कम 148 रन से हराने के लिए कितने रन बनाने होंगे.
यारों सब दुआ करो..मिल के फरियाद करो!
जब से दक्षिण अफ्रीका की वेस्टइंडीज पर 9 विकेट से जीत के बाद यह रक्षा कवच की बात सामने आई है, तो करोड़ों भारतीय प्रशंसकों के भाव ऐसे ही हो चले हैं. भारतीय बल्लेबाज जिंबाब्वे के गेंदबाजों को धो रहे हैं, तो फैंस दुआ कर रहे हैं. दुआ कि सुपर-8 राउंड में वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ खेले जाने वाला मैच बारिश से न धुले. जी हां, अगर भारत और विंडीज का यह मुकाबला बारिश से धुल जाता है और दोनों टीमों को एक-अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ता है, तो भारत के सेमीफाइनल का पेंच फंस जाएगा. और इसी सूरत से बचने के लिए भारत को जिंबाब्वे को कम से कम 148 रन के अंतर से हराना पड़ेगा. ऐसा होने पर अगर बारिश से भारत-विंडीज का मैच धुलता भी है, तो भी बारिश टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने से नहीं रोक पाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं