विज्ञापन

IND vs WI, T20 World Cup: पिता के निधन के बाद फिर टीम इंडिया से जुड़े रिंकू सिंह, ट्रेनिंग में लिया हिस्सा

Rinku Singh Rejoined Team India: वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से पहले रिंकू सिंह भारतीय टीम से जुड़ गए हैं. रिंकू अपने पिता के निधन के बाद टीम इंडिया से जुड़े हैं.

IND vs WI, T20 World Cup: पिता के निधन के बाद फिर टीम इंडिया से जुड़े रिंकू सिंह, ट्रेनिंग में लिया हिस्सा
Rinku Singh Rejoined Team India

Rinku Singh Rejoined Team India: भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल जैसे मुकाबले की पूर्व संध्या पर रिंकू सिंह टीम इंडिया से जुड़ चुके हैं. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने शानिवार को कोलकाता में अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया, जहां भारत निर्णायक मुकाबले की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है. यह मैच भारत के टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने का फैसला कर सकता है. रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार तड़के लंबी बीमारी के बाद ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया. 

रिंकू के पिता खानचंद सिंह 58 वर्ष के थे और कैंसर से पीड़ित थे. काफी समय से ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज हो रहा था. ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि रिंकू के पिता लिवर के कैंसर से जूझ रहे थे. हाल में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद 21 फरवरी से वह अस्पताल में ही भर्ती थे. उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली ‘वेंटिलेटर' पर रखा गया था. पिता की गंभीर हालत होने के कारण रिंकू को टी20 विश्वकप को बीच में छोड़कर यहां लौटना पड़ा था. हालांकि 26 फरवरी को जिम्‍बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले वह चेन्नई में भारतीय टीम के साथ जुड़ गए थे. 

रिंकू के पिता का अंतिम संस्कार दोपहर करीब दो बजे अलीगढ़ के महुआ खेड़ा इलाके के एक श्मशान घाट पर किया गया. रिंकू अपने भाइयों के साथ अपने पिता की अर्थी को कंधा देते नजर आए. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी 28 वर्षीय रिंकू की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा हाथ रहा है. अलीगढ़ में गैस सिलेंडर आपूर्ति का काम करने वाले सिंह ने तमाम अभावों के बावजूद रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में हरसंभव मदद की.

रिंकू भले ही जिम्‍बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम इंडिया से जुड़ गए थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था. उनकी जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया. टीम के लिए यह फैसला सही साबित हुआ और सूर्यकुमार यादव ने जिम्‍बाब्वे के खिलाफ  शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा. 

रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन में भारत और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे. सुपर-8 ग्रुप ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी, इसका फैसला इस मुकाबले से होगा. विजेत टीम को नॉकआउट का टिकट मिलेगा जबकि हारने वाली टीम का बोरिया बिस्तर बंध जाएगा.

यह भी पढ़ें: Ranji Trophy Final: पहली बार चैंपियन बनने पर जम्मू कश्मीर पर हुई पैसों की बारिश, CM उमर अब्दुल्ला ने किया प्राइज मनी का ऐलान

यह भी पढ़ें: Ranji Trophy: जम्मू कश्मीर ने 67 साल के सूखे को खत्म कर पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com