विज्ञापन
This Article is From Nov 07, 2018

IND vs WI: दूसरे टी20 में हार के बाद कार्लोस ब्रैथवेट बोले, खराब बैटिंग और घटिया फील्डिंग भारी पड़ी

IND vs WI: दूसरे टी20 में हार के बाद कार्लोस ब्रैथवेट बोले, खराब बैटिंग और घटिया फील्डिंग भारी पड़ी
कार्लोस ब्रैथवेट ने कहा, हमारी खराब बल्लेबाजी एक बार फिर हमें ले डूबी (फाइल फोटो)
  • कहा, हम इस मैच में अच्‍छी फील्डिंग नहीं कर सके
  • इस हार को पचा पाना बेहद मुश्किल
  • तीसरे टी20 में सकारात्‍मक तरीके से खेलेंगे
लखनऊ:

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट ने दूसरे टी-20 मैच में भारत के हाथों मिली 71 रन की हार के लिए टीम की खराब बल्लेबाजी और घटिया फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया है. मैच के दौरान वेस्‍टइंडीज के फील्‍डर बेहद सुस्‍त नजर आए, उन्‍होंने कैच टपकाने के अलावा खराब फील्डिंग करते हुए भारतीय टीम को कुछ रन 'तोहफे' के तौर पर दे डाले. मेहमान वेस्‍टइंडीज की टीम मंगलवार को यहांअटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मिली इस हार के बाद सीरीज भी गंवा चुकी है. वेस्टइंडीज की इस साल टी-20 में यह 8वीं हार है.

IND vs WI: वेस्‍टइंडीज टीम के भारत दौरे में रोहित शर्मा ने बनाए ये दो 'अलग तरह के' रिकॉर्ड...

ब्रैथवेट ने मैच के बाद कहा, "पिछले मैच में हमने अच्छी फील्डिंग की थी, लेकिन इस मैच में हम इसमें विफल रहे. इस हार को पचाना मुश्किल है, लेकिन अंतिम मैच से पहले हम सकारात्मक होना चाहते हैं. जीत का श्रेय विपक्षी टीम को भी जाता है जिनके बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में बिना कोई विकेट खोए अच्छी बल्लेबाजी की." रोहित शर्मा के नाबाद 111 रन की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 195 रन का मजबूत स्कोर बनाया. लेकिन वेस्‍टइंडीज की टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 124 रन ही बना सकी.

वीडियो: रोहित और धवन के शतक, भारत ने पाकिस्‍तान को हराया

मेहमान टीम के कप्तान ने कहा, "हम उन्हें (भारत को) 170-180 के अंदर रोकना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. हमारी बल्लेबाजी एक बार फिर हमें ले डूबी. हम अभी भी सर्वश्रेष्ठ सलामी जोड़ी तलाशने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि पहले दो मैचों में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई. उम्मीद है कि तीसरे मैच में हम अच्छा करेंगे और सकारात्मक परिणाम हासिल करेंगे." (इनपुट: एजेंसी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs West Indies 2018, West Indies, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com