Ajay Jadeja on Yashasvi Jaiswal: रविवार को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच शुरू हुए दूसरे टेस्ट के पहले दिन के पहले सेशन का खेल यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) की उस हरकत के कारण ज्यादा चर्चा में रहा, जो देखते ही देखते पूर्व क्रिकेटरों, फैंस और कमेंट्री बॉक्स तक पहुंच गई. ज्यादातर पूर्व दिग्गजों ने इस मामले में जायसवाल की गलती बताई. और पूर्व ऑलराउंडर अजय जडेजा ने तो यहां तक कह दिया कि अगर यशस्वी में यह सब सहने की क्षमता नहीं है, तो उन्हें पहले टेस्ट में श्रीलंकाई विकेटकीपर डिकवेला के साथ इस तरह की मजाक नहीं करनी चाहिए.
जानें क्या सजा मिल सकती है जायसवाल को
लंच के दौरान डिबेट के दौरान अजय जडेजा ने कहा, 'ऐसा लगता है कि असिथा फर्नाडो ने पहले टेस्ट में जायसवाल की निरोशन डिकवेला के साथ की गई छेड़छाड़ का बदला लिया है. और अगर जायसवाल खुद इस तरह की बातें स्वीकार नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें पिछले टेस्ट में डिकवेला के साथ इसकी शुरुआत नहीं करनी चाहिए थी.'
कुछ मैचों में भारत की कप्तानी कर चुके जडेजा ने कहा, 'हंसी-मजाक मैदान पर एक सामान्य बात है. लेकिन चीजें तब बदल जाती हैं, जब आप शारीरिक हो जाते हैं. जायसवाल को शांत रना चाहिए था. वह शब्दों के जरिए असिथा को जवाब दे सकते थे, लेकिन पीछे मुड़कर उनके पास जाना और हेलमेट से छूकर उन्होंने लक्ष्मण-रेखा पार की है. मैदान पर आपको शारीरिक संपर्क की अनदेखी कर अपनी भावनाओं को नियंत्रित करना होता है.'
वहीं,हाल ही में कमेंटेटर बने पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा, 'यशस्वी जायसवाल को थोड़ा शांत रहने की जरूरत है. मुझे लगता है कि आक्रामकता दिखाना ठीक है, लेकिन वह इसे जरूरत से ज्यादा कर रहे हैं और इसी वजह से उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. अगर आप लाल गेंद (टेस्ट) क्रिकेट में उनके हालिया स्कोर देखें, तो वे निराशाजनक रहे हैं. उनके पास गजब की प्रतिभा है, लेकिन उन्हें चीजों को थोड़ा धीमा करने और जमीन से जुड़े रहने की जरूरत है. हर समय अनावश्यक छींटाकशी में शामिल न हों और उन्हें सफल होने के लिए अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. मुझे उम्मीद है कि वह आने वाले समय में और मजबूत होकर वापसी करेंगे.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं