Misbah-ul-Haq Reaction on Pakistan lost vs India: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ जारी टी20 वर्ल्ड कप में 61 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान की इस हार के बाद पूर्व दिग्गजों का गुस्सा फूठा है. भारत से मिले 175 के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तानी सिर्फ 114 पर ढेर हो गई और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई. पाकिस्तान को मिली हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने कप्तान सलमान के टॉस जीतकर लक्ष्य का पीछा करने के फैसले पर सवाल उठाए हैं.
मिस्बाह-उल-हक ने मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा,"जब आपकी ताकत गेंदबाजी होती है और खासकर स्पिन गेंदबाजी होती है और आपकी बल्लेबाजी अनुभवहीन कहेंगे या कमजोर कहेंगे, तो जब आप हमेशा बोर्ड पर रन लगाते हैं और कोशिश करते हैं कि आपकी जो ताकत है उसको मौका दें और लक्ष्य को डिफेंड करें. क्योंकि आप जिसको कमजोर कहते हैं उसके बाद में रख रहे हैं. फिर आप भारत के खिलाफ स्कोर बोर्ड का प्रेशर भी खुद ले रहे हैं. तो आप उम्मीद कर सकते हैं कि ऐसा नतीजा आएगा."
मिस्बाह-उल-हक ने पाकिस्तान की हार पर आगे कहा,"मेरे ख्याल से आप कभी भी परिस्थितों का बाहर से तय करके नहीं जा सकते. जब ऐसी पिच होती है तो एक कप्तान के तौर पर आपको तुरंत समझना चाहिए. पहले ओवर के बाद ही अंदाजा हो गया था कि बॉल ग्रिप कर रहा है और खेलना मुश्किल है. अभिषेक जैसे बल्लेबाज को आराम से खेलना पड़ा और जब वो शॉर्ट मारने गया तो आउट हो गया. उनको फौरन ही अपना प्लान बदलना चाहिए थे और वहां पर दूसरे तरफ से सैम को ला सकते थे. फिर जब दो बाएं हाथ के बल्लेबाज खेल रहे थे, तो आपने (कप्तान सलमान ने) अपने ओवर क्यों रोके. वहां पर अगर ईशान किशन का विकेट गिरता, तिलक वर्मा को अगर वहां पर आउट करते तो समीकरण अलग होते."
मिस्बाह ने पाकिस्तानी कप्तान की रणनीति पर सवाल उठाते हुए आगे कहा,"अपने ओवर ना करना फिर सैम के ओवर देर से कराना, वो ओवर आपको महंगे पड़े. मुझे लगता है कि वो बहुत बड़ा अंतर हुआ. कोई एक लिखी हुई रणनीति के कहत आप नहीं जा सकते. कंडीशन के मुताबिक आपको जाना होता है."
वहीं पाकिस्तान को मिली हार के बाद कप्तान सलमान आगा ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा,"हम चार स्पिनर्स के साथ इस मैच में उतरे थे, लेकिन आज उनका दिन खराब रहा. कुछ अहम मौकों पर कमी रही. बल्लेबाजी में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही. अगर पावरप्ले में 3-4 विकेट गिर जाते हैं, तो आप हमेशा मैच का पीछा ही करते रह जाते हैं." उन्होंने कहा,"दूसरी इनिंग्स में पिच बेहतर रही, लेकिन हमने परिस्थितियों के हिसाब से नहीं खेला. ऐसे मुकाबलों में भावनाएं हमेशा चरम पर रहती हैं, हमें बस उन्हें संभालना होगा."
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: भारत ने 61 रनों से पीटा, अब पाकिस्तान कैसे पहुंचेगा सुपर-8 में? जानें क्या है गणित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं