न्यूजीलैंड दौरे के भारतीय वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान आखिर हो गया. करोडों भारतीय फैंस अगले महीने खेले जाने वाली वनडे टीम का बहुत ही बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे थे, लेकिन बीसीसीआई ने लगे हाथ वनडे सीरीज के बाद खेले जाने वाले दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान कर दिया, लेकिन बोर्ड ने 5 वनडे मैचों की सीरीज के लिए दो टीम चुनकर ऐसा 'सुपर कार्ड' चला कि एक बार को हर कोई हैरान रह गया. पूर्व क्रिकेटर भी, मीडिया और फैंस भी. वास्तव में इस कार्ड की उम्मीद किसी ने नहीं की थी. जी हां, सेलेक्टरों ने शुरुआती तीन वनडे के लिए अलग और आखिरी 3 वनडे के लिए अलग टीम चुनी है. कई ऐसे फैसले लिए गए हैं, जो बरबस ही ध्यान खींचते हैं. और अगर अगर ऐसा हुआ है, तो बोर्ड ने एक वनडे रूपी तीर से दो टीम चुनकर कई निशाने साधने की कोशिश की है. चलिए बारी-बारी से इसे डिकोड करते हैं कि न्यूजीलैंड दौरे के लिए चयन और भविष्य के लिए 3 सबसे बड़ी बातें क्या रहीं.
1. व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में एक कप्तान की नीति की ओर बीसीसीआई!
वनडे के लिए दो अलग-अलग टीम चुनकर पहली बात मोटे तौर पर यह निकलकर आई है कि आगे भविष्य में बोर्ड व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में संभवत: एक कप्तान की ओर देख रहा है. और यही वजह है कि आखिरी दो मैचों में श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है. फिलहाल शुभमन गिल रेड-बॉल और वनडे में कप्तान हैं, लेकिन अब 5 वनडे मैचों की सीरीज के लिए बोर्ड ने रिंग में अय्यर को उतारकर इशारा कर दिया है कि आने वाले समय में बोर्ड व्हाइट-बॉल के दोनों फॉर्मेटों (वनडे और टी-20 में) एक कप्तान की राह चुन सकता है. इसे वनडे के शुरुआती 3 मैचों में श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाए जाने से भी देखा जा सकता है. कुल मिलाकर यहां से 'नीति' को दुरुस्त करना और मौके को भुनाना श्रेयस अय्यर पर निर्भर करेगा. गेंद पूरी तरह अय्यर के पाले में है! अय्यर कितना हासिल कर पाएंगे, यह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में पूरी तरह साफ हो जाएगा.
2. केएल राहुल के लिए साफ संदेश !
आखिरी दो मैचों के लिए केएल राहुल को टीम से बाहर रखकर अब एक तरह से उन्हें यह बता दिया है कि अब उन्हें अगले साल खेले जाने वाले विश्व कप में जगह बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि यहां से अपनी जगह नियमित रूप से पक्की करने के लिए कुछ और अलग से करना हो होगा. अब ईशान किशन न केवल प्रबंधन की अगली पसंद के रूप में बहुत ही तेजी उभरे हैं, तो अब वनडे में केएल राहुल से उपकप्तानी भी चली गई है. आखिरी दो वनडे मैचों के लिए उनकी जगह सेलेक्टरों ने ईशान किशन को तो उप-कप्तानी दे ही दी है, तो वहीं दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में आए कुमार कुशाग्र ने भी केएल राहुल पर दबाव बना दिया है. निश्चित रूप से केएल को यहां से खासा जोर लगाना होगा.
3. फिफ्टी-फिफ्टी के साथ टी20 विश्व कप का भी ध्यान
भले ही बोर्ड ने दो वनडे टीम चुनी हैं, लेकिन इस चयन से बीसीसीआई ने बहुत दूर की सोच दिखाई है. इस सेलेक्शन में अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले फिफ्टी-फिफ्टी विश्व कप ही नहीं, बल्कि साल 2028 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को भी ध्यान में रखा गया है. श्रेयस अय्यर को दो मैचों में कप्तान बनाना, तिलक वर्मा को दोनों फॉर्मेटों में जगह देना और ईशान किशन के प्रमोशन से साफ है कि बीसीसीआई इन खिलाड़ियों को कीवी धरती पर मेगा इवेंट से पहले खासा अनुभव दिला देना चाहता है. ईशान को उप-कप्तानी मिलना यह भी संकेत है कि आने वाले समय में टी20 फॉर्मेट में उप-कप्तान तिलक की जगह अब ईशान किशन होंगे. दोनों टीमों के चयन में अगर सबसे ज्यादा फायदा किन्हीं दो खिलाड़ियों को मिला है, तो वह श्रेयस अय्यर और ईशान किशन हैं, जो अगले साल साल की प्लानिंग का हिस्सा बनते दिख रहे हैं.
न्यूजीलैंड दौरे के लिए दोनों वनडे टीम इस प्रकार हैं:
पहले तीन वनडे मैचों के लिए भारत की वनडे टीम शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा*, कुलदीप यादव
पहले तीन वनडे मैचों की टीम में शामिल वो खिलाड़ी जो आखिरी दो मैचों में नहीं हैं:
- शुभमन गिल [कप्तान]
- के.एल. राहुल [विकेटकीपर]
-अंशुल कंबोज
- प्रसिद्ध कृष्णा*
चौथे और पांचवें वनडे मैच के लिए भारत की वनडे टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव.
चौथे और पांचवें वनडे मैचों की टीम में शामिल खिलाड़ी, जो पहले तीन मैचों में नहीं हैं:
- तिलक वर्मा
-औकिब नबी
-कुमार कुशाग्र [विकेटकीपर]
- यश ठाकुर
कप्तानी और उप-कप्तानी में बदलाव:
-पहले 3 मैच: शुभमन गिल कप्तान और श्रेयस अय्यर उप-कप्तान हैं
-आखिरी 2 मैच: श्रेयस अय्यर कप्तान हैं, जबकि ईशान किशन को विकेटकीपर के साथ-साथ उप-कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है.
दोनों टीमों में कॉमन (समान) खिलाड़ी:
रोहित शर्मा, विराट कोहली, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, गुरनूर ब्रार, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं