इन दिनों सोशल मीडिया पर हर शख्स विद्वान है. कोई कुछ भी कह देता है, कैसा भी नजरिया पेश कर देता है. एक बड़ा वर्ग है कि उसके लगता है कि टीम इंडिया आयरलैंड से जो सीरीज हारी, उसके लिए वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) जिम्मेदार हैं! क्या कहने! क्या ही कहा जाए ऐसे लोगों को! इन लोगों का मानना है कि अगर वैभव सूर्यवंशी भारतीय XI में होते, तो टीम इंडिया आयरिश धरती पर सीरीज जीत जाती. इसी विचार में यह वैभव सूर्यवंशी को दोषी के रूप में देख रहे हैं. उस वैभव को जिसे टीम प्रबंधन ने XI में जगह ही नहीं दी, तो वैभव हार के लिए दोषी कैसे हो गए. भाई साहब, सुन लें और समझ लें कि अगर भारत आयरलैंड में हारा है, तो वह अपनी गलतियों की वजह से हारा है, वैभव की वजह से नहीं. समझ गए न! नहीं समझे, तो आप अपने खेल को लेकर समझ बढ़ाएं. चलिए बारी-बारी से भारत की हार की 5 बड़ी वजह जान लीजिए:-
1. पिच की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां
आयरलैंड की पिचें आईपीएल की उन सपाट और तेज गति वाली पिचों से बिल्कुल विपरीत थीं, जिन पर भारतीय खिलाड़ी खेलने के आदी हैं. इन स्टार बल्लेबाजों ने करीब डेढ़ महीने चले आईपीएल में जमकर भल्ला भांजा. पूरब में पैर निकाला, पश्चिम में शॉट लगा दिया. अब यह आयरलैंड की पिचों पर कहां चलने वाला था भाई साहब. वहां की पिचें धीमी और 'स्पंजी' थीं, जहां गेंद बल्ले पर उतनी तेजी से नहीं आ रही थी जितनी भारतीय बल्लेबाजों को उम्मीद थी.
2. खुद को ढाल नहीं पाए बल्लेबाज
भारतीय बल्लेबाजों को परिस्थितियों के साथ तालमेल बिठाने में काफी संघर्ष करना पड़ा. वे पिच की धीमी गति को भांपने में नाकाम रहे और सही समय पर अपने शॉट नहीं चुन सके, जिसके कारण वे बड़े स्कोर बनाने या रनों का पीछा करने में विफल रहे. दूसरे मैच में किसी तरह तिलक वर्मा जमे जरूर, तो उतनी गति से रन नहीं निकाल पाए, जिसकी जरूरत थी. बाकियों का क्या हाल है, यह आपके सामने है ही.
3. स्पिन के खिलाफ तकनीकी कमजोरी
सीरीज के दौरान भारतीय बल्लेबाजों, विशेषकर मध्यक्रम के बल्लेबाजों, को स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया. क्रीज पर पैर का सही इस्तेमाल न करना और आक्रामक शॉट्स लगाने की जल्दी ने टीम को मुश्किल में डाल दिया. कइयों ने तो शॉट का चयन ही गलत किया. आप कप्तान श्रेयस अय्यर का दूसरे मैच में विकेट देख लें. कहां खड़े थे और कहां जाकर शॉट खेले.
4. अत्यधिक 'आईपीएल' मानसिकता
कई विशेषज्ञों का मानना है कि खिलाड़ी अभी भी आईपीएल की आक्रामक और बिना डरे शॉट खेलने वाली मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए थे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में, खासकर ऐसी परिस्थितियों में धैर्य और हालात के अनुसार बल्लेबाजी करना जरूरी होता है, जिसमें टीम इस बार पिछड़ गई.
5. बल्लेबाजी क्रम में निरंतरता का अभाव
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी अस्थिर रहा. साझेदारी बनाने में असफलता और बार-बार विकेट गिरना भारतीय टीम की हार का सबसे बड़ा कारण बना. शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों द्वारा बड़ी पारी न खेल पाना भी टीम के लिए भारी पड़ा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं