Saba Karim picks own XI against XI: शुक्रवार से ऑयरलैंड के खिलाफ है दो टी20 मैचों की सीरीज. यह एक तरह का पूर्वाभ्यास है इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाली पांच टी-20 मैचों की सीरीज के लिए. हालांकि, ऑयरिश सीरीज अभी खेली जानी बाकी है, लेकिन इंग्लैंड सीरीज के लिए पूर्व दिग्गजों की सलाह और अपनी-अपनी टीम चुनने का सिलसिला शुरू हो गया है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राष्ट्रीय चयनकर्ता सबा करीम ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के पहले मैच के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का चयन किया है. इस टीम चयन की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने हाल ही में सुर्खियों में छाए 15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को अंतिम एकादश (Playing XI) में शामिल नहीं किया है.
सबा करीम का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी एक असाधारण प्रतिभा हैं, लेकिन भारतीय टीम को वर्तमान में उनकी जरूरत नहीं है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उतारने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. करीम ने विश्व कप जीतने वाली टीम के अनुभवी और स्थापित खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है.
शुरुआत के लिए सैमसन, अभिषेक पर भरोसा
सबा करीम ने ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की उसी जोड़ी को बरकरार रखा है, जिन्होंने टी20 विश्व कप के दौरान भी शानदार प्रदर्शन किया था. और इसी कारण से उनकी इलेवन में वैभव के लिए जगह नहीं बन सकी क्योंकि सूर्यवंशी विशेषज्ञ ओपनर बल्लेबाज हैं. वहीं, नंबर 3 पर उन्होंने ईशान किशन को जगह दी है, जबकि चौथे नंबर पर स्वाभाविक रूप से नए कप्तान श्रेयस अय्यर और पांचवें नंबर पर उप-कप्तान तिलक वर्मा को जिम्मेदारी सौंपी है.
गेंदबाजी आक्रमण
टीम संतुलन को देखते हुए उन्होंने शिवम दुबे और अक्षर पटेल के रूप में दो ऑलराउंडर चुने हैं, तो तेज गेंदबाजी की कमान अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा के हाथों में है, जबकि मुख्य स्पिनर के रूप में वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया गया है. सबा करीम द्वारा इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 के लिए चुनी गई भारत की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:
1. श्रेयस अय्यर 2. अभिषेक शर्मा 3. संजू सैमसन 4. ईशान किशन 5. तिलक वर्मा 6. शिवम दुबे 7. अक्षर पटेल 8. हर्षित राणा 9. वरुण चक्रवर्ती 10. प्रसिद्ध कृष्णा 11. अर्शदीप सिंह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं