क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में जब रविवार को भारत सीरीज के तीसरे वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो फैंस की नजरें इसी पर होंगी कि क्या यह रोहित शर्मा का आखिरी वनडे होगा? बीसीसीआई की तरफ से स्थिति तो साफ कर दी गई है कि हिटमैन लॉर्ड्स में रिटायरमेंट नहीं लेगें और ऐसी कोई बात भी नहीं हुई है, लेकिन 2024 टी20 विश्व विजेता कप्तान के माता-पिता इस मुकाबले के लिए लंदन पहुंच चुके हैं, ऐसे में रोहित के संन्यास की अटकलें कम नहीं हो रही हैं. हालांकि, इस मैच में नजरें विराट कोहली पर भी होंगी क्योंकि उन्होंने बीते मैच में अर्धशतक जड़ा था और उनकी नजरें एक बार फिर बड़ी पारी खेलने पर होगी.
बीती 9 वनडे पारियों में 7 बार 50+ की पारी खेल चुके विराट कोहली इतिहास की दहलीज पर खड़े हैं. कोहली अगर लॉर्ड्स में 133 रन बनाते हैं तो वह वनडे के इतिहास में सबसे तेज 15 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस दौरान वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे. साथ ही सचिन के बाद इस मुकाम पर पहुंचने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन जाएंगे. लेकिन इसके साथ ही वह एक और खास कीर्तिमान अपना नाम करेंगे.
विराट कोहली लॉर्ड्स में अगर 33 रन बनाने में सफल होते हैं तो वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में 1500 रन पूरे कर लेंगे. कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 40 पारियों में 40.8 की औसत से 1467 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 11 अर्धशतक और 3 शतक लगाए हैं. कोहली अगर 1500 रनों का आंकड़ा पार करते हैं तो वह वनडे में छह अलग-अलग टीमों के खिलाफ 1500 या उससे अधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बनेंगे. उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा ऐसा कर चुके हैं.
सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलियाई, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ 1500 या उससे अधिक रन बनाए थे, जबकि कुमार संगकारा ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसा किया है. जबकि कोहली ने ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसा किया है और रविवार को इस लिस्ट में इंग्लैंड का नाम जुड़ सकता है.
अगर विराट कोहली एक बार फिर 50+ की पारी खेलते हैं तो वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में सबसे अधिक मौकों पर ऐसा करने के मामले में संगकारा की बराबरी कर लेंगे. दूसरे वनडे में वह इस मामले में पहले ही विव रिचर्ड्स की बराबरी कर चुके हैं. इसके साथ ही कोहली अगर सीरीज डिसाइडर में 11 रन बनाते हैं तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नंबर-3 पर खेलते हुए 16 हजार रन पूरे कर लेंगे.
यह भी पढ़ें: Spain vs Argentina: फाइनल से पहले पिच पर बवाल, बारिश से बदलेगी स्थिति, जानें इससे जुड़ा सब कुछ
यह भी पढ़ें: लियोनेल मेसी नहीं है सर्वकालिक महान खिलाड़ी? पूर्व भारतीय कोच का चौंकाने वाला बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं