विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2018

IND vs AUS: टीम इंडिया को झटका, चोटिल पृथ्वी शॉ पहले टेस्ट से बाहर, हालात ने खड़ा किया 'बड़ा सवाल'

पृथ्वी शॉ डिप-मिडविकेट पर फील्डिंग कर रहे थे. शॉ ने सीमारेखा के भीतर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैक्स ब्रायंट का कैच लपका. जब शॉ गेंद को मैदान के अंदर फेंक रहे थे, तो इसी दौरान वह फिसल गए

Also Read in
IND vs AUS: टीम इंडिया को झटका, चोटिल पृथ्वी शॉ पहले टेस्ट से बाहर,  हालात ने खड़ा किया 'बड़ा  सवाल'
  • बाउंड्री पर कैच लेने की कोशिश में चोटिल हुए थे पृथ्वी
  • पहली पारी में बनाए थे 69 गेंदों पर 66 रन
  • अब क्या करेगा बीसीसीआई?
सिडनी: पहले से ही एक छोर पर ओपनिंग को लेकर असमंजस में चल रही टीम इंडिया को जोर का झटका लगा है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन और भारत के बीच खेले जा रहे प्रैक्टिस मैच के तीसरे दिन पृथ्वी शॉ चोटिल होकर पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं. दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच छह दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा. मैच के तीसरे दिन पृथ्वी शॉ कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गए थे. और उनकी चोट ने भारतीय टीम मैनेजमेंट और करोड़ों भारतीय क्रिकेटप्रेमियों को चिंतित कर दिया था. उनके चाहने वाले उम्मीद कर रहे थे कि ईश्वर करे कि पृथ्वी की चोट ज्यादा गंभीर न हो और वह पहले टेस्ट का हिस्सा बनें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब तो यहां से यह भी चर्चा होने जोर पकड़ने  लगी है कि क्या पृथ्वी दूसरे टेस्ट या शेष मैचों में भारतीय इलेवन का हिस्सा बन पाएंगे.  पृथ्वी शॉ डिप-मिडविकेट पर फील्डिंग कर रहे थे. शॉ ने सीमारेखा के भीतर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैक्स ब्रायंट का कैच लपका. जब शॉ गेंद को मैदान के अंदर फेंक रहे थे, तो इसी दौरान वह फिसल गए और इससे उनका टखना चोटिल हो गया. शॉ को दर्द से कराहते हुए देखा गया. इसके बाद टीम इंडिया का मेडिकल स्टॉफ तुरंत ही बाउंड्री पर दौड़ा हुआ पहुंचा. लेकिन जब प्राथमिक उपचार के बाद भी शॉ की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें मेडिकल स्टॉफ की मदद से मैदान से बाहर लाया गया. 
यह भी पढ़ें:  Vijay Hazare Trophy: मो. सिराज ने पृथ्‍वी शॉ पर किया कमेंट तो इस 'छुटके उस्‍ताद' ने ठोक दिए दो छक्‍के, VIDEO

सभी को पृथ्वी शॉ की स्कैन रिपोर्ट का इंतजार था. और यह रिपोर्ट आने के बाद बीसीसीआई ने साफ कर दिया कि पृथ्वी शॉ एडिलेड में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं. निश्चित ही इन फॉर्म पृथ्वी का पहले टेस्ट से बाहर होना टीम इंडिया के लिए बहुत ही बड़ा झटका है. पृथ्वी शॉ ने पहली पारी में 69 गेंदों पर तेज-तर्रार 66 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया  मीडिया सहित सभी का मन मोह लिया था. लेकिन अब पृथ्वी के बाहर होने के बाद एक और बड़ा सवाल क्रिकेटप्रेमियों की जिज्ञासा बन गया है. 

VIDEO:  जानिए कि धोनी के टी-20 टीम से बाहर होने पर क्या राय रही क्रिकेट पंडितों की. 


सोशल मीडिया पर पृथ्वी शॉ के चोटिल होने के बाद से ही यह ऑनलाइन सर्वे के जरिए क्रिकेटप्रेमियों की राय मांगी जाने लगी कि अगर पृथ्वी शॉ बाहर नहीं होते हैं, तो भारत से विकल्प के तौर पर घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले मयंक अग्रवाल को ऑस्ट्रेलिया भेजा जाए, या शिखर धवन को. इस मामले पर ज्यादार क्रिकेटप्रेमी बंटे हुए नजर आ रहे हैं. अब देखने वाली बात यह होगी कि सेलेक्टर्स क्या विकल्प चुनते हैं. या फिर धवन और मयंक दोनों को ही ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा जाएगा. और ऑस्ट्रेलिया में उपलब्ध खिलाड़ियों में से ही किसी से पारी की शुरुआत करायी जाएगी.  


 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prithvi Shaw, BCCI, CAXI Vs IND, 4-day Practice Match, India Tour Of Australia, 2018-19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com