Ian Botham on Viv Richards: इयान बॉथम को इंग्लैंड का सबसे महान ऑलराउंडर माना जाता है, इसमें कोई शक नहीं है. बॉथम ने अपने करियर में कई सारे कमाल किए हैं जिसकी चर्चा आज भी होती है. दरअसल, बहुत कम खिलाड़ी ऐसे हुए हैं जो बॉथम की तरह किसी टेस्ट मैच पर अपना दबदबा बना सके हों. बॉथम एक ही टेस्ट मैच में शतक लगाने और 10 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी भी थे. ऐसे में जब बॉथम अपनी राय देते हैं तो वह काफी अहम होती है. अब पूर्व इंग्लैंड ऑलराउंडर ने अपने समय के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी के बारे में बात की है जिसे वो ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम मानते हैं. इयान बॉथम ने सुनील गावस्कर को नहीं बल्कि विवियन रिचर्ड्स को अपने जमाने का सबसे महान क्रिकेटर बताया है.
द ओवरलैप क्रिकेट के यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए बॉथम ने अपने जमाने के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज का चुनाव किया है. बॉथम ने विवियन रिचर्ड्स को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज करार देते हुए कहा है कि वह गेंदबाजों को तहस-नहस कर देता था. बॉथम ने विवियन को लेकर अपनी बात रखी और कहा, "मेरे जमाने में, मैंने जितने भी खिलाड़ियों को देखा या जिनके ख़िलाफ खेला, उनमें गैरी सोबर्स तो जबरदस्त खिलाड़ी थे ही... लेकिन विवियन रिचर्ड्स एक ऑल-राउंड खिलाड़ी थे, विवियन किसी भी हालात और किसी भी फ़ॉर्मेट में खेल सकते थे."
अपनी बात आगे रखते हुए इयान बॉथम ने कहा, "मुझे याद है, ओल्ड ट्रैफर्ड में हमने वेस्टइंडीज को बहुत मुश्किल में डाल दिया था, उनका स्कोर 8 विकेट पर 90 या 9 विकेट पर 90 रन था... हमने 200 से ज़्यादा रन बनाए थे, तो मुझे लगा कि पहली जीत पक्की है... फिर माइकल होल्डिंग बैटिंग करने आए... और विवियन ने 180 रन बना दिए".

Add image caption here
पूर्व इंग्लैंड दिग्गज ने आगे कहा, "मैंने उसकी पारी देखी, मुझे याद है एक गेंद स्टंप के काफ़ी बाहर थी.. मुझे लगा कि मैंने सही गेंद डाली है, फ़ील्डिंग भी सही सेट थी, लेकिन उन्होंने ऐसे शॉट मारा कि गेंद सीधे बाउंड्री के पार चली गई...यह देखकर मैंने उनसे कहा, "विव, क्या तुमने कभी MCC की कोचिंग बुक पढ़ी है? क्योंकि उस गेंद को तो ऐसे खेलना चाहिए था"
विवियन रिचर्ड्स हमें तबाह कर देता था
इयान बॉथम ने कहा, "उसने हमें पूरी तरह तबाह कर दिया. उन्होंने हमारे पूरे बॉलिंग अटैक को तहस-नहस कर दिया... माइकल बस वहां हल्के शॉट खेलकर उन्हें स्ट्राइक देते रहे.. हम कुछ नहीं कर पाए... लेकिन उन हालात में खेली गई यह सबसे बेहतरीन पारियों में से एक थी, जो मैंने देखी. यकीनन वह सर्वश्रेष्ठ था."
सर विव रिचर्ड्स क्यों हैं दुनिया के सबसे महान क्रिकेटर
सर विव रिचर्ड्स को अब तक का सबसे महान बल्लेबाज माना जाता है. उन्होंने क्रिकेट खेलने के तरीके को पूरी तरह से बदल दिया था. रिचर्ड्स ने ज़बरदस्त ताकत और गेंदबाजों पर अपने भारी मानसिक दबदबे का अनोखा मेल पेश किया था जिसके कारण उन्हें विश्व क्रिकेट का सबसे महान बल्लेबाज माना जाता रहा है.
सर विव रिचर्ड्स बिना हेलमेट के बल्लेबाजी करते थे, वह इतिहास के सबसे तेज गेंदबाजों का सामना करने के लिए सिर्फ़ एक मैरून कैप पहनकर मैदान पर उतरते थे. उनकी बल्लेबाजी का अंदाज उस जमाने में डराने वाला हुआ करता था, इसके अलावा क्रीज़ तक उनके चलने के अंदाज से ही पता चल जाता था कि पिच पर पूरी तरह से उनका ही कब्ज़ा है. उन्होंने 1986 में इंग्लैंड के खिलाफ 56 गेंदों में टेस्ट शतक जड़ा था, जो दशकों तक एक रिकॉर्ड बना रहा.
ये भी पढ़ें- 19 चौके और 6 छक्के...वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद का एक और तूफानी शतक, 119 गेंद पर 168 रन ठोक मचाई खलबली
ये भी पढ़ें- इंग्लैंड में भारतीय ड्रेसिंग रूम में कपड़े चेंज नहीं कर पाएंगे वैभव सूर्यवंशी, जानें क्या है वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं