Vaibhav Sooryavanshi wanted to 'answer with the bat': मैं सोचकर ही गया था, उस बॉलर के अगेन्स्ट (ख़िलाफ़). लास्ट मैच में आउट होने के बाद ही जब मैंने फ़ोन देखा तो हरेक चीज़ें मुझे दिखीं. मैं वैसे तो इन चीज़ों पर ध्यान नहीं देता लेकिन कोई पर्सनली मुझे बोले तो थोड़ा मुझे भी लगता है,” वैभव सूर्यवंशी ने पिछले मैच में हैदराबाद के ख़िलाफ़ सबसे तेज़ भारतीय शतकों में से एक (36 गेंद पर शतक) लगाने के बाद ये बातें राजस्थान के टीम मैनेजर और मेन्टॉर रोमी भिंडर से कहीं. 15 साल के वैभव ने 37 गेंदों पर हैदराबाद के ख़िलाफ़ 5 चौके और 12 छक्के लगाकर 279 के स्ट्राइक रेट से 103 रन बनाए और मैच के बाद बिना किसी गुस्से के बड़ी ही शांति से टीम मैनेजर से कहीं. ये भी कहा कि वो अपने ख़िलाफ़ हर बात का जवाब बल्ले से ही देंगे. वैभव कहते हैं, “बोलकर नहीं लेकिन बैट से आन्सर (जवाब) देना चाहिए.” वैभव दुखी नज़र आए कि उस मैच में शतक लगाने के बावजूद वो अपनी टीम को जिता नहीं सके. उन्हें लगा कि वो बीस-एक रन और बनाते तो मैच का अंजाम कुछ और होता.
36 गेंदों पर शतक लगाकर भी संतुष्ट नहीं!
वैभव सूर्यवंशी शतक बनाते हैं और टीम के बस के शीशे पर उंगलियों से लिखते हैं ..“100.” वैभव कहते हैं, “मुझे वो शॉट नहीं खेलना चाहिए था. वो मेरा शॉट भी नहीं है जिसपर मैं आउट हुआ. शायद कुछ एक्स्ट्रा ट्राई करने लगे.” पिछले सीज़न वैभव ने आईपिएल में अपने करियर की शुरुआत की तो गुजरात के ख़िलाफ़ 35 गेंदों पर आईपीएल में सबसे तेज़ भारतीय शतक का रिकॉर्ड बनाया. तो, इस सीज़न पिछले मैच में हैदराबाद के ख़िलाफ़ 36 गेंदों पर शतक जमाया. कमाल की बात है कि अपने शतकीय पारी के बावजूद वैभव खुश या संतुष्ट नहीं दिखते क्योंकि उनकी टीम को मैच में हार का सामना करना पड़ा.
राजस्थान रॉयल्स ने अपने ‘X' के हैंडल से ट्वीट किया, “कुछ ही दिनों पहले पहली गेंद पर डक (0) पर आउट होने के बाद सबसे तेज़ भारतीय शतक. वैभव किसी भी हालत में हार नहीं मानते”
A first-ball duck a few days ago to the fastest century by an Indian last night.
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 26, 2026
Vaibhav Sooryavanshi just refuses to give up 👏💗 pic.twitter.com/IqDaWvkAu9
6,6,6,6..कैसे लिया बदला!
आईपीएल के अपने करियर की शुरुआत वैभव ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर छक्का लगाकर की थी. इसी सीज़न उन्होंने जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद का सामना करते हुए उन्हें छक्का जड़कर भी सबको हैरान कर दिया था.
हैदराबाद के ख़िलाफ़ 13 अप्रैल को खेले गए मैच में वैभव मैच की दूसरी ही गेंद पर नागपुर के रहनेवाले 24 साल के पेसर प्रफुल्ल हिंगे की पहली गेंद का सामना करते हुए सलिल अरोड़ा द्वारा लपक लिए गए. वैभव शून्य के साथ लौटे. मैच के बाद हैदराबाद के पेसर प्रफुल्ल हिंगे ने मैच के बाद कहा था कि उन्होंने वैभव को पहले भी आउट किया है और वो प्लान करके आये थे कि वो उन्हें बाउंसर देकर आउट करेंगे.
पिछले मैच में प्रफुल्ल हिंगे की कही बातें वैभव को चुभ गईं. करीब दो हफ़्ते बाद 25 अप्रैल को जयपुर में जब एक बार फिर राजस्थान और हैदराबाद की टीमें आमने-सामने हुईं तो वैभव ने हिंगे पर हमला बोल दिया. वैभव सूर्यवंशी ने पारी के पहली ही ओवर में हिंगे की दूसरी से लेकर छठी गेंद तक पांच गेंदों का सामना किया. तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी गेंदें हवाई यात्रा करती हुईं 6,6,6,6 के स्कोर के साथ बाउंड्री पार कर गईं. और, दुनिया ने एक बार फिर वैभव का लोहा मान लिया, वैभव ने अपना बदला पूरा कर लिया.
भगवान से क्या मांगते हैं वैभव
राजस्थान के टीम मैनेजर रोमी भिंडर इस मैच के बाद इंटरव्यू के दौरान बताते हैं कि कैसे वो सब एक रिचुअल (नियम) के हिसाब से हनुमान मंदिर जाकर उनकी (वैभव सूर्यवंशी की) एक जर्सी भेंट करते हैं. रोमी कहते हैं कि कल रात को भी वो मंदिर गए थे और पूछते हैं कि भगवान से ‘आमतौर पर तुम क्या बोलते हो'? तो, वैभव कहते हैं, “मैं भगवान से अपने लिए नहीं मांगता हूं, कभी भी. मैं बस, भगवान से यही बोलता हूं कि मेरे साथ जो वेल विशर हैं जो मेरे सीनियर हैं, मेरे गार्डियन हैं, जो मेरे साथ रहते हैं जो मुझे हमेशा सपोर्ट करते हैं उनको अच्छे से रखें भगवान. सबको हेल्दी रखें. सबके लाइफ़ में खुशी मिले सबके. और, अच्छे से सब अपने लाइफ़ में रहें.”
अभिषेक से मिले वैभव सूर्यवंशी- प्रफुल्ल हिंगे को भी लगाया गले से
इसके बाद जब वैभव SRH के खिलाड़ियों से हाथ मिला रहे थे तो उनका सामना प्रफुल्ल हिंगे से भी हुआ जिसके खिलाफ उन्होंने एक ही ओवर में 4 छकके लगाए थे. ऐसे में जब दोनों का सामान मैच के बाद फिर से हुआ तो वैभव ने हिंगे को देखा और फिर मुस्कुराते हुए नजर आए. फिर दोनों ने एक दूसरे को गले से भी लगाया.
मैच के बाद एक ऐसा पल भी आया जिसका सभी को इंतजार था. मैच के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिला रहे थे तो अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी एक दूसरे से मिले और गले से लगाया. दोनों की मुलाकात यह वीडियो आईपीएल ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है. अभिषेक ने वैभव को गले से लगाया और साथ ही उन्हें शाबासी भी दी. इस वीडियो को फैन्स खूब पसंद भी कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं