Harry Brook on Win vs Pakistan; T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस सुपर 8 मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि टीम एक स्पष्ट लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी थी और उसे हासिल करने में सफल रही. कप्तान हैरी ब्रूक ने 51 गेंदों पर शानदार 100 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी यह पारी इंग्लैंड की जीत की आधारशिला साबित हुई.
इसके साथ ही ब्रूक टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए. वह एलेक्स हेल्स और जोस बटलर के बाद टूर्नामेंट में शतक जमाने वाले इंग्लैंड के तीसरे बल्लेबाज भी बने. यह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी इंग्लैंड कप्तान का पहला शतक भी रहा.
हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम का मास्टरस्ट्रोक
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के फैसले का श्रेय ब्रूक ने हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम को दिया. उन्होंने बताया कि टीम पावरप्ले का बेहतर उपयोग करना चाहती थी और इसी रणनीति के तहत उन्हें ऊपर भेजा गया. ब्रूक ने स्वीकार किया कि वह खुद भी इस बदलाव के बारे में सोच रहे थे और मैच से पहले मैकुलम से इस पर हल्की-फुल्की चर्चा हुई थी.
गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव
इससे पहले इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन पर रोक दिया. साहिबजादा फरहान ने 63 रन की पारी खेली, जबकि बाबर आजम (25), फखर जमान (25) और शादाब खान (नाबाद 23) ने योगदान दिया. इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 24 रन देकर 3 विकेट झटके. जेमी ओवरटन (26 रन 2 विकेट) और जोफ्रा आर्चर (32 रन 2 विकेट) ने भी अहम भूमिका निभाई.
ब्रूक ने शुरुआती सफलता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि टी20 में अच्छी शुरुआत बेहद जरूरी होती है और आर्चर ने नई गेंद से टीम को बढ़त दिलाई.
इंग्लैंड ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा. विल जैक्स ने 28 और सैम करन ने 16 रन बनाकर सहयोग दिया, लेकिन अंत में मुकाबला काफी तनावपूर्ण हो गया. ब्रूक ने स्वीकार किया कि अंतिम क्षणों में वह थोड़ा नर्वस थे. इस जीत के साथ इंग्लैंड 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई. श्रीलंका पर पहले ही जीत दर्ज करने और पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच के बारिश के कारण रद्द होने के बाद यह जीत उनके लिए निर्णायक साबित हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं