Rinku Singh returned home: खेले जा रहे T20 World Cup 2026 में एक और टीम इंडिया जिंबाब्वे (Ind vs Zim) के खिलाफ खेले जाने वाले बहुत ही अहम मुकाबले से पहले तैयारियों और हालात का तोड़ निकालने में जुटी है, उधर XI के अहम सदस्य और लेफ्टी फिनिशर रिंकू सिंह (Rinku Singh) को अचानक ही घर वापस अलीगढ़ लौटना पड़ा. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिंकू सिंह को पिता की तबीयत खराब होने के चलते वापस घर लौटना पड़ा है. और वह वीरवार को जिंबाब्वे के खिलाफ खेले जाने वाले अहम मुकाबले में रिंकू का खेलना संदिग्ध है.
BCCI के सूत्रों अनुसार, 'रिंकू ने मंगलवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत के प्रशिक्षण सत्र में भाग नहीं लिया, जबकि उनके बाकी साथी खिलाड़ी नेट्स पर मौजूद थे. रिंकू सिंह परिवार में आपातकालीन स्थिति के कारण वापस घर लौट गए हैं.' सूत्रों के अनुसार, 'रिंकू के पिता खांचेन्द्र सिंह को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इसी कारण खिलाड़ी को तुरंत वापस जाना पड़ा.' उनके पिता को लीवर कैंसर है. रिंकू के अचानक टीम का साथ छोड़ने के बाद जिंबाब्वे के खिलाफ भारत के ‘मस्ट-विन' सुपर आठ मुकाबले के लिए इस बाएं हाथ के बल्लेबाज़ की उपलब्धता पर संदेह पैदा हो गया है. BCCI ने भी आधिकारिक तौर पर रिंकू को लेकर अभी कुछ नहीं कहा है. और जो भी खबरें आ रही हैं, वह बोर्ड के सूत्रों के हवाले से आ रही हैं.
रिंकू की जगह पर उठे हैं सवाल
अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की 76 रन की हार में एक भी रन न बना पाने वाले रिंकू इससे पहले नीदरलैंड के खिलाफ समूह मैच में छह रन बनाकर आउट हुए थे. उससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 11 रन, नामीबिया के खिलाफ 1 रन और अमेरिका के खिलाफ छह रन बनाए थे. इस प्रदर्सन के बाद रिंकू की टीम में जगह को लेकर भी सवाल उठने लगे थे. खासकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जब वह नंबर-8 पर बैटिंग करने उतरे, तो कई पंडितों ने सवाल उठाया कि आखिर जब इस नंबर पर उन्हें उतारना है, तो रिंकू को खिलाया ही क्यों जा रहा है? रिंकू ने मेगा इवेंट में अभी तक 5 मैचों की इतनी ही पारियों में 8.00 के औसत से 24 रन बनाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 24 का रहा है. इनमें वह दो बार नॉटआउट भी रहे. लेकिन रिंकू इस प्रदर्शन के चलते आलोचकों के रडार पर आ गए हैं.
कौन लेगा रिंकू की जगह?
लेफ्टी बल्लेबाज के इमरजेंसी में घर लौटने के बाद अब एक बड़ा सवाल यह भी उठ गया है कि रिंकू सिंह का 'लाइक-ए-लाइक'बल्लेबाज कौन है? तमाम सवालों के बीच प्रबंधन रिंकू को बतौर फिनिशर लगातार खिला रहा था. लेकिन सवाल यह है कि अगर रिंक जिंबाब्वे के खिलाफ या आगे उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो उनकी जगह लेने वाला विशेषज्ञ बल्लेबाज कौन है?
यह भी पढ़ें: भारतीय प्लेइंग XI पर मचा बवाल, सुनील गावस्कर ने इस खिलाड़ी को बाहर करने की दी सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं