विज्ञापन

PAK vs ENG T20 WC 2026: 'आ इंग्लैंड मुझे मार!', पाकिस्तान कप्तान सलमान आगा की इस एक गलती ने डुबोई नैया, पलट गई बाजी

Pakistan Lose vs England in T20 World Cup 2026 Super-8: सुपर-8 राउंड के मुकाबले में पाकिस्तान से मिले 165 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 8 विकेट खोकर 19.1 ओवर में चेज कर लिया. टीम की तरफ से कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक लगाया.

PAK vs ENG T20 WC 2026: 'आ इंग्लैंड मुझे मार!', पाकिस्तान कप्तान सलमान आगा की इस एक गलती ने डुबोई नैया, पलट गई बाजी
Pakistan Lose vs England in T20 World Cup 2026 Super-8:

Pakistan Lose vs England in T20 World Cup 2026 Super-8: पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मंगलवार की शाम एक ऐसे इतिहास का गवाह बना जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी. पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर जो फैसला लिया, उसने 'आ इंग्लैंड मुझे मार' वाली कहावत को सच कर दिखाया. पल्लेकल में खेले गए पिछले 5 मैचों में कोई भी टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई थी, लेकिन पाकिस्तान ने इस फैसले को पलट कर खुद की बर्बादी की स्क्रिप्ट लिख दी.

फैसला या बेवकूफी?

पल्लेकल की नमी वाली पिच पर जहांं शुरुआत में गेंद आग उगलती है, वहां पहले बल्लेबाजी करना किसी जोखिम से कम नहीं था. क्रिकेट एक्सपर्ट्स इसे पाकिस्तान की रणनीतिक भूल नहीं, बल्कि 'हथियार डालना' कह रहे हैं. जब पिच और हालात चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे थे कि पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद होगा, तब सलमान अली आगा ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों को दावत दे दी. नतीजा वही हुआ जिसका डर था, पाकिस्तानी बल्लेबाज स्कोर बोर्ड पर कोई बड़ा लक्ष्य नहीं लगा सकें.

इंग्लैंड ने काटाया सेमीफाइनल का टिकट

इंग्लैंड ने इस तोहफे को दोनों हाथों से कबूल किया और पाकिस्तान को 2 विकेट से धूल चटा दी. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. जोस बटलर की सेना ने शानदार खेल दिखाया और पल्लेकल की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का बखूबी फायदा उठाया.

सुपर-8 राउंड में इंग्लैंड से हार, पाकिस्तान की राह मुश्किल

 इंग्लैंड ने सुपर-8 राउंड के अपने पहले मैच में श्रीलंका को 51 रनों से हराया था. लगातार दो जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. हालांकि, पाकिस्तान की राह मुश्किल हो गई है. पाकिस्तान को दूसरे दौर के अपने आखिरी मुकाबले में 27 फरवरी को न्यूजीलैंड से भिड़ना है. सलमान आगा की अगुवाई में पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी. इसके साथ ही बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा.

मैच की बात करें तो, सुपर-8 राउंड के मुकाबले में पाकिस्तान से मिले 165 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 8 विकेट खोकर 19.1 ओवर में चेज कर लिया. टीम की तरफ से कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक लगाया. ब्रूक ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में इंग्लिश कप्तान ने 10 चौके और 4 छक्के लगाए. वहीं, विल जैक्स ने 23 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया.

गेंदबाजी में पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने दो-दो विकेट निकाले.

इससे पहले पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 164 रन लगाए. टीम की तरफ से साहिबजादा फरहान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 63 रनों की लाजवाब पारी खेली. हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. बाबर आजम अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 25 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, फखर जमान ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए. शादाब खान ने अंतिम ओवरों में 11 गेंदों पर 23 रन बनाए.

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में लियाम डॉसन ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं, जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने दो-दो विकेट निकाले.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com