महिला एशिया कप 2026 का पहला सेमी-फाइनल मुकाबला गुरुवार (10 सितंबर) को भारतीय महिला टीम और बांग्लादेशी महिला टीम के बीच दुबई में खेला गया. जहां भारतीय महिला टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी खुश नजर आईं. मैच के बाच उन्होंने कहा, 'जिस तरह से चीजें घटित हो रही हैं. मैं उनसे काफी खुश हूं. मुकाबले के दौरान कभी-कभी गेंद को सम्मान देना होता है. आज के मुकाबले में दोनों टीमों की तरफ से स्पिनरों ने काफी अच्छी गेंदबाजी की. निश्चित तौर पर जब आप ऐसी जगहों पर खेलते हैं तो छोटी-छोटी साझेदारियां काफी अहम हो जाती हैं. दीप्ति ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया.'
सेमी-फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए शेफाली वर्मा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया. विशेष उपलब्धि मिलने के बाद उन्होंने कहा, 'मैच के दौरान काफी उमस थी. मैदान में मैं ज्यादातर ग्राउंडेड शॉट खेलने का प्रयास कर रही थी. इस दौरान मुझे भाग्य का भी काफी साथ मिला. हम पहले छह ओवर में अधिक से अधिक रन बनाने का प्रयास कर रहे थे, क्योंकि उस दौरान रन बनाना आसान रहता है.'
वहीं भारत के खिलाफ मैच हारने के बाद बांग्लादेशी महिला टीम की कप्तान निगार सुल्ताना ने कहा, 'हमने काफी अच्छी गेंदबाजी की. पिछले तीनों मुकाबलों में भी अच्छी गेंदबाजी की थी. मगर आज के मुकाबले में हमने कुछ अहम मौके गंवा दिए. मैच के दौरान उन्हें एक निर्धारित लक्ष्य तक रोकना था. जिसे हम हासिल कर सकें. मैच से पहले हम उम्मीद कर रहे थे अच्छी विकेट मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इस टूर्नामेंट से हमने काफी कुछ सीखा है. भविष्य में और बेहतर खेलने की कोशिश करेंगे.'
यह भी पढ़ें- सात चौके, तीन छक्के, 160.00 का स्ट्राइक रेट, शेफाली वर्मा ने बांग्लादेशी गेंदबाजों को धो डाला, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं