Who could replace Hardik Pandya as captain of Mumbai Indians in IPL: आईपीएल 2026 में सिर्फ़ 4 जीत हासिल कर 9वें नंबर पर रहनेवाली मुंबई की कप्तानी बदलनी तय मानी जा रही है.मुंबई इंडियंस में एक अभूतपूर्व संकट खड़ा हो गया है, जहां हार्दिक पंड्या को टीम की कप्तानी से हटाया जाना मुंबई टीम के लिए अगली बड़ी बात होने वाली है. दरअसल, घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने NDTV को बताया कि मैनेजमेंट के साथ रिश्ते खराब होने के कारण यह ऑलराउंडर फ्रेंचाइजी छोड़ने की भी सोच रहा है. MI, जिसने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अभियान में 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत दर्ज कीं, ने हार्दिक से आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है.
हार्दिक बदलेंगे रास्ता'
NDTV सूत्र के मुताबिक हार्दिक पांड्या अपना रास्ता बदलने की सोच रहे हैं.
भले ही रिपोर्ट्स में कहा गया है कि MI मैनेजमेंट हार्दिक को लेकर अपनी योजनाओं पर 100 प्रतिशत स्पष्ट नहीं है, लेकिन सूत्र ने कहा कि 32 वर्षीय हार्दिक फ्रेंचाइजी से बाहर निकलने की कोशिश करेंगे. उन्होंने इशारा किया कि मैनेजमेंट के साथ उनके अच्छे संबंध नहीं हैं.

अगला कप्तान कौन?
हार्दिक को 2024 सीजन से पहले कप्तान नियुक्त किया गया था. अब बड़ा सवाल यह है कि मुंबई का अगला कप्तान कौन होगा? घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने NDTV को बताया कि मुंबई इंडियंस का अगला कप्तान वही होगा जिसे रोहित शर्मा का आशीर्वाद मिलेगा. मैनेजमेंट ने 2023 में रोहित की जगह हार्दिक को कप्तान बनाने के खराब फैसले से सबक लिया है. ज़ाहिर है मुंबई के मालिक अब टीम का अगला कप्तान चुनते वक़्त पिछली स्थिति से बचना चाहेंगे. इसलिए, मुंबई इंडियंस टीम के सबसे बड़े नाम रोहित, अगले कप्तान को चुनने में अहम भूमिका निभाने वाले हैं.
'रोहित का यू-टर्न नहीं', 'रोहित का आशीर्वाद'
हालांकि, यह पहले ही तय हो चुका है कि मुंबई इंडियंस की कप्तानी के मामले में रोहित का कोई यू-टर्न नहीं होगा.सूत्र ने हार्दिक के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर कहा, "मुंबई इंडियंस का अगला कप्तान वही होगा जिसे रोहित शर्मा का आशीर्वाद प्राप्त हो. मुंबई को अपनी गलती का एहसास हो गया है. लेकिन वो खुद रोहित नहीं होंगे।" यह सूत्र एक शीर्ष कोच और पूर्व भारतीय खिलाड़ी हैं.
NDTV सूत्र ने बताया, "हार्दिक ट्रांसफर की मांग करेंगे. यह सिर्फ कप्तानी के बारे में नहीं है, बल्कि व्यक्तिगत हकीकतों के बारे में भी है. क्या आप उस कंपनी के लिए काम कर सकते हैं जब मैनेजमेंट के साथ आपके अच्छे संबंध न हों?" जब पूछा गया कि क्या मुंबई इंडियंस को हार्दिक को ट्रेड डील में लाने के साथ ही गुजरात टाइटन्स के कोच आशीष नेहरा को भी अपनी फ्रेंचाइजी में ले आना चाहिए था, तो सूत्र ने कहा कि दूसरी फ्रेंचाइजी से सीधे खिलाड़ियों या कोचों को लेना उतना आसान नहीं है जितना दिखता है.
सूत्र ने कहा, "लेकिन यही IPL की हकीकत है कोई भी फ्रेंचाइजी दूसरी फ्रेंचाइजी से कोच और कप्तान को नहीं तोड़ सकती. आशीष नेहरा क्यों आएंगे?" मुंबई इंडियंस में हार्दिक पंड्या के भविष्य पर एक ठोस अपडेट कुछ हफ्तों में आने की उम्मीद है.
कौन होगा अगला कप्तान, ये हैं संभावित नाम
तिलक वर्मा
तिलक वर्मा के नाम की चर्चा ज्यादा हो रही है. उम्मीद की जा रही है कि मुंबई इंडियंस युवा खिलाड़ी के साथ जा सकता है. तिलक हाल के समय में शानदार फॉर्म में रहे हैं. मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट लंबे समय के लिए कप्तान की तलाश में है, तो वे तिलक वर्मा पर विचार कर सकते हैं. इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने MI और भारतीय टीम, दोनों में ही अपनी जगह पक्की कर ली है और वे इस समय मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ी हैं.
जसप्रीत बुमराह
दूसरी ओर भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के नाम पर भी विचार किया जा सकता है. सीनियरिटी और परफॉर्मेंस के मामले में, मुंबई टीम में बुमराह के योगदान के आस-पास भी कोई नहीं है, और अगर पंड्या को टीम की कप्तानी से हटाया जाता है, तो बुमराह कप्तान बनने के प्रबल दावेदार में से एक होंगे. बुमराह के पास भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करने का अनुभव भी है, जो इस तेज गेंदबाज के पक्ष में एक और मजबूत बात है.
क्या सूर्यकुमार यादव के नाम पर किया जाएगा विचार?
मुंबई इंडियंस अपनी कप्तानी की समस्या का कोई छोटा-मोटा हल ढूंढ रही है, तो सूर्यकुमार यादव एक संभावित विकल्प हो सकते हैं. सूर्या ने T20 फॉर्मेट में एक लीडर के तौर पर अपनी काबिलियत साबित की है, सूर्या की कप्तानी में भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं