Hardik Pandya: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खराब परफॉर्मेंस के बाद सबसे बड़ा नुकसान हार्दिक पंड्या को होने वाला है. रिपोर्ट के अनुसार मैनेजमेंट हार्दिक की कप्तानी से खुश नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें कप्तानी पद से हटाए जाने का फैसला किया जा सकता है. 'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2026 में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद पंड्या ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है जिससे इस बात को हवा मिली है कि हार्दिक का सफर कप्तान के तौर पर मुंबई इंडियंस के लिए समाप्त हो सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, इस बात पर भी चर्चा हो सकती है कि क्या पंड्या एक खिलाड़ी के तौर पर टीम में बने रहेंगे. रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया है, "इस सीजन के दौरान ऐसे कई संकेत मिले थे कि टीम मैनेजमेंट उन्हें कप्तान के तौर पर बनाए रखने का इच्छुक नहीं था. टीम के खेमे में इस बात की साफ चर्चा है."
2022 में गुजरात टाइटन्स के साथ आईपीएल का खिताब जीतने वाले कप्तान पंड्या, बहुत ज्यादा उम्मीदों के बीच अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी में कप्तान के तौर पर वापस लौटे थे. MI मैनेजमेंट, जिसने आखिरी बार 2020 में IPL जीता था, ने पंड्या को रोहित का एकदम सही उत्तराधिकारी माना था. हालांकि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का परफॉर्मेंस औसत रहा और इस बार तो मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में भी असफल रही है.
क्या टीम में अपनी जगह बनाए रख पाएंगे हार्दिक?
एक और बड़ा झटका यह हो सकता है कि हार्दिक न सिर्फ़ अपनी कप्तानी खो सकते हैं, बल्कि टीम में अपनी जगह भी गंवा सकते हैं, जिसका मतलब है कि उन्हें अपने लिए एक नई टीम ढूंढ़नी पड़ेगी. आने वाले दिनों में हमें इस बारे में और जानकारी मिलेगी. मुंबई इंडियंस के एक पुराने सदस्य के अनुसार, “आने वाले दिनों में इस पर काफी सोच-विचार और चर्चा होगी।. हर विकल्प पर गौर किया जाएगा. कई सवालों के जवाब ढूंढ़ने होंगे. आगे चलकर, क्या हार्दिक कप्तान बने रह सकते हैं? या वह टीम में सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर रहेंगे?”
ये भी पढ़ें- IPL 2026: 'चाहे किसी को भी ड्रॉप करो', गावस्कर का सूर्यवंशी पर बड़ा बयान, सनी ने बयां की 4 बड़ी बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं