GT vs SRH IPL 2026: गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन जारी इंडियन प्रीमियर लीग में धुरंधर अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं. मौजूदा सीजन में वह अभी तक एक शतक और पांच अर्द्धशतक लगा चुके हैं. सुदर्शन ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं. उन्होंने 12 पारियों में 155.10 की स्ट्राइक रेट और 41.75 की औसत से 501 रन बनाए हैं. यह लगातार तीसरा सीजन रहा है, जब बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 500 से अधिक रन बनाए हैं. इस कारनामे के साथ ही उन्होंने क्रिस गेल और विराट कोहली के साथ एक खास क्लब में एंट्री कर ली है. उनकी नजरें अब डेविड वॉर्नर के रिकॉर्ड पर होगी.
गेल-कोहली के क्लब में मारी एंट्री
आईपीएल में लगातार सीजन में 500 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 2014 से लेकर 2020 तक लगातार छह सीजन 500 या उससे अधिक रन बनाए थे. लिस्ट में दूसरे स्थान पर केएल राहुल हैं. केएल राहुल ने 2018 से 2022 तक लगातार 5 सीजन 500 से अधिक रन बनाए. जबकि क्रिस गेल, शिखर धवन, विराट कोहली और साई सुदर्शन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर है. इन दिग्गजों ने लगातार 3 सीजन ऐसा किया था. खास बात यह है कि गेल और सुदर्शन ही ऐसे दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने हर सीज़न में 140+ स्ट्राइक-रेट से ऐसा किया है. वार्नर सिर्फ़ 2020 सीज़न में इससे चूक गए थे.
लगातार IPL सीज़न में सबसे ज़्यादा बार 500+ रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 6 - डेविड वॉर्नर (2014-20)
- 5 - केएल राहुल (2018-22)
- 3 - क्रिस गेल (2011-13)
- 3 - शिखर धवन (2019-21)
- 3 - विराट कोहली (2023-25)
- 3 - साई सुदर्शन (2024-26)
ऐसा करने वाले चौथे बल्लेबाज
इसके अलावा साई सुदर्शन ने हैदराबाद के खिलाफ अर्द्धशतक लगाकर एक और खास मुकाम हासिल किया है. वह अब आईपीएल में मौजूदा सभी 9 टीमों के खिलाफ अर्द्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अभी तक ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल और रजत पाटीदार ही ऐसा कर पाए हैं.
साई सुदर्शन ने गुजरात के खिलाफ 44 गेंदों में 5 चौके और दो छक्कों के दम पर 61 रनों की पारी खेली. सुदर्शन की पारी के दम पर गुजरात 168 का स्कोर बोर्ड पर लगा पाई. इस पारी के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए साई सुदर्शन ने कहा,"शुरू में, पिच थोड़ी नरम थी और उसमें नमी थी. यह सीम कर रही थी, और हमने दो शुरुआती विकेट भी खो दिए, इसलिए मेरी बारी थी कि मैं गेम को और आगे ले जाऊं और बोर्ड पर एक अच्छा टोटल बनाऊं."
यह भी पढ़ें: GT vs SRH IPL 2026: 'हम ऐसी टीम जो...', प्लेऑफ से पहले कप्तान शुभमन गिल ने दूसरी टीमों को दी वॉर्निंग
यह भी पढ़ें: GT vs SRH IPL 2026: गुजरात के सामने ढेर हुए सूरमा, फिर भी चिंतित नहीं पैट कमिंस, हार के बाद बताया कहां हुई चूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं