Gujarat Titans vs Mumbai Indians: जब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस अपने होम ग्राउंड पर मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी तो देखना काफी दिलचस्प होगा कि गिल एंड कंपनी बुमराह का कैसे सामना करती है. जसप्रीत बुमराह को जारी सीजन में अपने पहले विकेट का इंतजार है. बुमराह किसी घायल शेर की तरफ अपना शिकार करने के लिए बेताब होंगे. लगातार हार से दबाव में चल रही मुंबई इंडियंस की कोशिश जीत दर्ज करने की होगी.
मुंबई प्वॉइंट्स टेबल में 10वें पायदान पर
पिछले कुछ सप्ताह में इन दोनों टीमों का प्रदर्शन बिल्कुल विपरीत रहा है. गुजरात टाइटंस ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की थी, लेकिन उसके बाद उसने लगातार तीन मैच जीत कर लय हासिल कर ली है और वह तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है. इसके बिल्कुल विपरीत मुंबई ने अपने पहले मैच में जीत के साथ शुरुआत की, लेकिन उसके बाद से उसका प्रदर्शन खराब होता चला गया है. उसे लगातार चार हार का सामना करना पड़ा है और उनकी हार का अंतर बहुत बड़ा रहा है, जिससे वह आखिरी स्थान पर खिसक गया है.
मुंबई इंडियंस पर बढ़ रहा दवाब
पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई पर खराब प्रदर्शन के कारण काफी दबाव है और उसे अगर अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना है तो अब हर हाल में जीत हासिल करनी होगी. उसकी टीम पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है. इसके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाजों के अनियमित प्रदर्शन और गेंदबाजी आक्रमण में धार की कमी ने उसे बुरी तरह प्रभावित किया है.
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के मध्यक्रम के मुख्य आधार रहे हैं लेकिन यह दोनों ही अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. सूर्यकुमार ने भले ही एक अर्धशतक लगाया है लेकिन उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है. दूसरी तरफ तिलक बेहद खराब फॉर्म में हैं और पांच पारियों में सिर्फ 43 रन ही बना पाए हैं.
कप्तान हार्दिक पंड्या का प्रदर्शन भी कुछ खास अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने चार मैचों में सिर्फ 81 रन बनाए हैं, जिससे मुंबई की बल्लेबाजी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. मुंबई की समस्या केवल बल्लेबाजी तक ही सीमित नहीं है बल्कि उसके गेंदबाज भी नहीं चल पा रहे हैं.
क्या रोहित खेलेंगे आज का मैच
रोहित शर्मा के चोटिल होने से मुंबई की समस्या और बढ़ गई है. वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे और पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे. रोहित शर्मा का खेलना अभी भी पक्का नहीं है. हालांकि रविवार शाम को उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बैटिंग प्रैक्टिस की थी. मिचेल सैंटनर, जो पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, अब उपलब्ध हैं, लेकिन विल जैक्स के आने का अभी कोई संकेत नहीं मिला है.
टॉप ऑर्डर पर निर्भर गुजरात
इसके विपरीत गुजरात टाइटन्स ने अपनी समस्याओं के बावजूद जीत हासिल करने के तरीके खोज लिए हैं. उसकी बल्लेबाजी अभी भी शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर काफी हद तक निर्भर है, जिसमें कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ही अधिकतर रन बनाने का जिम्मा संभालते हैं.
ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया जैसे मध्यक्रम के बल्लेबाज अभी तक विश्वसनीय प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. गेंदबाजी की बात करें तो गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है. मोहम्मद सिराज और कागिसो रबाडा कई बार महंगे साबित हुए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है.
कैसी रहेगी पिच
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच काली मिट्टी की है, जिस पर खूब रन बनते हैं. अहमदाबाद में 2025 से IPL में पहली पारी का औसत स्कोर 212 रहा है—जो इस दौरान में कई मैच आयोजित करने वाले सभी IPL वेन्यू में सबसे अधिक है. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 11 में से 8 मैच जीते हैं, और इन मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 218 रहा है. ऐसे में आज एक बार फिर रनों की बरसात हो सकती है.
संभावित प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस संभावित प्लेइंग XI: रयान रिकेलटन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, तिलक वर्मा, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह
गुजरात टाइटंस संभावित प्लेइंग XI: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अशोक शर्मा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं