महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम रविवार को अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ करेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. भारत की पुरुष टीम और हेड कोच गौतम गंभीर ने महिला टीम को विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और गौतम गंभीर ने भारतीय महिला टीम से विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई.
The World Cup dream beckons 🏆
— BCCI Women (@BCCIWomen) June 14, 2026
It all 𝗕𝗘𝗚𝗜𝗡𝗦 𝗧𝗢𝗗𝗔𝗬! 🇮🇳#TeamIndia | #T20WorldCup | #WomenInBlue pic.twitter.com/HKzJWiGcBi
रोहित ने कहा,"भारतीय महिला टीम पिछले कुछ वर्षों से शानदार क्रिकेट खेल रही है. टी20 क्रिकेट में वे कई बार जीत के करीब पहुंची हैं. इस बार उम्मीद है कि वे खिताब अपने नाम करेंगी. पूरी टीम काफी मजबूत और संतुलित नजर आ रही है. इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने का उन्हें अच्छा अनुभव मिलेगा. हम सभी उनकी सफलता के लिए दुआ कर रहे हैं और भारतीय टीम को ढेरों शुभकामनाएं देते हैं."
हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा,"मुझे पूरा भरोसा है कि आप 140 करोड़ भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा करेंगी. हर किसी को दुनिया के सबसे बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिलता. इसलिए इस अवसर का पूरा आनंद लें. गलती करने से मत डरिए और जब भी किसी फैसले को लेकर मन में सवाल हो तो सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़िए. आप सभी को शुभकामनाएं, ट्रॉफी जीतकर घर लेकर आइए."
भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने महिला टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि टीम के पास एक बार फिर इतिहास रचने का शानदार मौका है. उन्होंने कहा,"आप पहले भी खिताब जीत चुकी हैं और मुझे भरोसा है कि आप ऐसा फिर से करके दिखाएंगी. हमारी तरफ से आपको ढेरों शुभकामनाएं. वर्ल्ड कप के लिए ऑल द बेस्ट."
वहीं, भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान कप्तान श्रेयस अय्यर ने खिलाड़ियों को पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और आत्मविश्वास से भरा खेल खेलने की सलाह दी. उन्होंने कहा,"भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मेरी तरह से शुभकामनाएं. निडर होकर खेलो, पूरी ताकत के साथ मुकाबला करो और जीत के इरादे से मैदान पर उतरो."
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने खिलाड़ियों को कुछ भी अलग न करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि टीम वही प्रोसेस फॉलो करे, जिसके दम पर उन्हें पूरे साल सफलता मिली है. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इसे एक और गेम की तरह ही लें. मेरे हिसाब से आप सभी ने पूरे सीजन में बहुत अच्छा किया है."
ईशान किशन ने आगे कहा,"आप कमाल का क्रिकेट खेल रहे हैं. इसी वजह से इसे सिंपल रखें, पूरे साल आपने जो किया है उस पर भरोसा करें. मुझे लगता है कि अगर आप इसे सिंपल रखेंगे तो चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी. हम सभी को आप पर बहुत गर्व है और हमें उम्मीद है कि हम यह ट्रॉफी जीतने में सफल रहेंगी."
वीवीएस लक्ष्मण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा,"आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं. हिम्मत, भरोसे और आजादी के साथ खेलें. पूरा देश आपके साथ है. अच्छा खेलें, इस सफर का आनंद लें और भारत का मान बढ़ाएं."
Best wishes to the Indian Women's Cricket Team for the ICC Women's T20 World Cup. Play with courage, belief, and freedom. The entire nation is behind you. Go well, enjoy the journey and make India proud💪💪 @BCCI#WomenInBlue #T20WorldCup pic.twitter.com/5QbgvXoAFv
— VVS Laxman (@VVSLaxman281) June 14, 2026
पूर्व बल्लेबाज ने इस अनुभव का आनंद लेने पर भी जोर दिया और खिलाड़ियों को याद दिलाया कि उन्हें घर पर मौजूद प्रशंसकों का समर्थन हासिल है.
यह भी पढ़ें: कब और कहां देख पाएंगे भारत-पाकिस्तान का मुकाबला, इस चैनल पर दिखेगा फ्री में, जानें डिटेल
यह भी पढ़ें: सिर्फ जीत काफी नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारत को मिली 'रन रेट की सलाह'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं