विज्ञापन

IND vs ENG: संजू सैमसन क्यों हुए बाहर और वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका, कोच गौतम गंभीर ने बता दी वो बड़ी वजह

Gautam Gambhir Press Conference, IND vs ENG 3rd T20I: टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 125 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद संजू सैमसन को बाहर करने के फैसले पर सवाल उठने लगा.

IND vs ENG: संजू सैमसन क्यों हुए बाहर और वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका, कोच गौतम गंभीर ने बता दी वो बड़ी वजह
Gautam Gambhir on Sanju Samson vs Vaibhav Suryavanshi:

Gautam Gambhir on Samson vs Vaibhav Suryavanshi, IND vs ENG: टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 125 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा. मंगलवार को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए इस मैच को गंवाने के साथ भारत पांच मुकाबलों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गया है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए. विशाल लक्ष्य का दबाव टीम इंडिया पर नजर आया. भारतीय खेमा सिर्फ 11.4 ओवरों में 76 रन पर ऑलआउट हो गया. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे T20I में भारतीय टीम की करारी हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए हेड कोच गौतम गंभीर आए और अपने बयानों से चर्चा का विषय बन गए.

202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई और इस हार के बाद T20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को टीम से बाहर करने के फैसले पर सवाल उठने लगे. मैच के बाद मीडिया से बातचीत में गौतम गंभीर ने सैमसन को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी और संजू सैमसन की बातचीत पूरी तरह साफ थी, लेकिन खिलाड़ी और कोच के बीच हुई चर्चा को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता.

सैमसन को बाहर करने पर गंभीर की सफाई

संजू सैमसन आयरलैंड के खिलाफ दो T20I और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे. इसके बाद उन्हें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की जगह टीम से बाहर कर दिया गया. हालांकि, गंभीर ने कहा कि सैमसन को टीम में उनकी भूमिका को लेकर पूरी जानकारी दी गई है.

गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "संजू सैमसन को जिस तरह की स्पष्टता चाहिए थी, वह मेरी तरफ से उन्हें दी जा चुकी है. यह बातचीत सिर्फ खिलाड़ी और हेड कोच के बीच की है और इसे बाहर साझा नहीं किया जाएगा. उन्होंने आगे कहा, "संजू के मामले में हम पूरी तरह स्पष्ट हैं. भारत के लिए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. लेकिन कई बार खिलाड़ी की मौजूदा फॉर्म को भी ध्यान में रखना पड़ता है. ऐसा कोई नियम नहीं है कि वह इस सीरीज में वापसी नहीं कर सकते."

टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बोले कोच गंभीर

गौतम गंभीर ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट किसी एक खिलाड़ी के बारे में नहीं, बल्कि सही टीम कॉम्बिनेशन तैयार करने के बारे में होता है. उन्होंने बताया कि वैभव सूर्यवंशी को टीम में इसलिए मौका दिया गया क्योंकि मैनेजमेंट को उनके और अभिषेक शर्मा के ओपनिंग कॉम्बिनेशन पर भरोसा था. गंभीर ने यह भी कहा कि इस खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी सिर्फ किसी एक खिलाड़ी की नहीं है. पूरी भारतीय टीम आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है.

उन्होंने कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट नतीजों के बारे में होता है. इसलिए हमें जिस कॉम्बिनेशन से बेहतर नतीजे मिलने की उम्मीद होती है, हम उसी के साथ मैदान पर उतरते हैं. मेरा हमेशा से मानना रहा है कि हर खिलाड़ी को अपनी जगह खुद हासिल करनी होती है."

लगातार हार पर भी गंभीर ने रखी बात

भारतीय टीम के प्रदर्शन पर गंभीर ने माना कि टीम परिस्थितियों के हिसाब से खुद को अच्छी तरह ढाल नहीं पाई. उन्होंने कहा, "हालात के अनुसार ढलने की बात करें तो हम अच्छा नहीं कर पाए. चाहे आयरलैंड हो या इंग्लैंड, सच्चाई यही है. अगर हम परिस्थितियों के हिसाब से बेहतर खेल पाते और अच्छा क्रिकेट दिखाते तो शायद लगातार चार मैच नहीं हारते."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, England, Sanju Viswanath Samson, Gautam Gambhir, Vaibhav Suryavanshi, England Vs India 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com