मोहम्मद शमी के टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद पूर्व दिग्गज अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. कुछ लोगों का मानना है कि शमी को अभी टेस्ट मैच खेलना चाहिए था. उन्हें मौका नहीं मिला जो उनके लिए गलत था. पूर्व क्रिकेटर अतुल वसन ने ANI से बातचीत में इस शमी की प्रतिभा, उनके जज्बे और दुनिया भर में उनके शानदार प्रदर्शन की तारीफ की.उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि घरेलू क्रिकेट के जरिए वापसी की कोशिशों के बावजूद, शमी का टेस्ट करियर जिस तरह से खत्म हुआ, वह दुखद है.
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वह कमाल के खिलाड़ी हैं, उनकी कहानी बहुत प्रेरणादायक है, जहां से वह आए, घुटनों की तकलीफ के बावजूद, उन्होंने दुनिया भर में जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह अद्भुत है. वह एक बेहद प्रतिभाशाली और शानदार गेंदबाज हैं. उन्हें इस तरह विदा लेते देखकर सच में बहुत दुख होता है. वह वापसी की कोशिश कर रहे थे, कड़ी मेहनत कर रहे थे और रणजी ट्रॉफी में अच्छा खेल भी रहे थे. उन्हें उम्मीद थी कि शायद उनका करियर भी भुवनेश्वर कुमार की तरह किसी सुखद कहानी की तरह खत्म हो."
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने ये भी माना कि भारतीय क्रिकेट में सीनियर खिलाड़ियों के प्रति सम्मान और शालीनता की कमी है. उन्होंने कहा कि हेड कोच गौतम गंभीर के रहते शमी की वापसी की संभावनाएं बहुत कम हैं, साथ ही उन्होंने इस तेज गेंदबाज के टेस्ट करियर के खत्म होने पर दुख भी जताया.
अब वनडे में मौका मिलना भी मुश्किल
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि भारतीय क्रिकेट में उस तरह की शालीनता और अच्छे बर्ताव की कमी है, जो ऐसे खिलाड़ी को मिलनी चाहिए जिसने इतना शानदार प्रदर्शन किया हो और अपनी सेवाएं दी हों. उसे उस तरह से विदा किया जाना चाहिए जैसा वह चाहता है. एक सम्मानजनक विदाई. यह साफ था कि गौतम गंभीर के कोच रहते शमी के लिए चीजें मुश्किल होने वाली थीं. उन्होंने अपनी पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार उम्र का असर तो होता ही है. आप हमेशा खेलते नहीं रह सकते. उन्हें जाते हुए देखना दुखद है, लेकिन 'राजा अमर रहे.. राजा अब नहीं रहे'." शमी ने अपना आखिली टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के फाइनल में खेला था. उस टेस्ट मैच में, जिसे भारत 209 रनों से हार गया था, शमी ने 122 रन देकर 2 विकेट और 39 रन देकर 2 विकेट लिए थे.
यह भी पढ़ें | SMAT 2026 में नहीं दिखेंगे हार्दिक पंड्या, बड़ौदा स्क्वॉड से बाहर
यह भी पढ़ें | हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में, अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में? IPL की सबसे बड़ी ट्रेड डील पर बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं