विज्ञापन

FDA का एक्शन, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के पांच आउटलेट्स के फूड लाइसेंस रद्द, जानें क्या है कारण

महाराष्ट्र के फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पांच फूड आउटलेट्स के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं.

FDA का एक्शन, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के पांच आउटलेट्स के फूड लाइसेंस रद्द, जानें क्या है कारण
FDA Suspend Food Licences of Mumbai Cricket Association 5 Outlets

महाराष्ट्र के फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के परिसर में चल रहे पांच आउटलेट्स के फ़ूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिए हैं. एफडीए को जांच में पता चला कि ये आउटलेट्स एक अन्य कंपनी चला रही थी, जबकि इसके लाइसेंस  MCA के नाम पर जारी हुए थे. जांच के दौरान साफ़-सफ़ाई, स्टोरेज और खाने-पीने की चीज़ों को संभालने के तरीकों से जुड़े कई नियमों के उल्लंघन का भी पता चला.  

FDA ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के - परमिट रूम, पैविलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर पर एक्शन लिया है. इन सभी पांचों आउटलेट्स का निरीक्षण 20 अगस्त को किया गया था और 21 अगस्त को सस्पेंशन के आदेश जारी किए गए थे.

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, FDA के एक अधिकारी ने इस एक्शन को लेकर बताया,"मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को 'फ़ूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006' के तहत चार अलग-अलग रेस्टोरेंट के लिए चार अलग-अलग लाइसेंस और एक स्नैक काउंटर के लिए एक रजिस्ट्रेशन सर्टिफ़िकेट दिया गया था, ताकि वे फ़ूड का कारोबार कर सकें. लेकिन लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए, M/s शिर्के इंफ्रास्ट्रक्चर – जो फ़ूड का कारोबार करने के लिए योग्य नहीं है – वहां बिना इजाज़त के फ़ूड का कारोबार करती पाई गई. इसलिए, प्रशासन की ओर से दिए गए चार लाइसेंस और एक रजिस्ट्रेशन सर्टिफ़िकेट को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है."

FDA ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि अधिकारियों को 'फ़ूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स रेगुलेशंस, 2011' के शेड्यूल 4, पार्ट II के कई उल्लंघन भी मिले. आउटलेट्स में आम तौर पर पाई गई कमियों में रेफ्रिजरेटर के अंदर बर्फ जमना, दरवाज़ों के गैस्केट का साफ़ न होना, तापमान की सेटिंग (कैलिब्रेशन) ठीक न होना, किचन के दरवाज़े के पास फ़र्श का फिसलन भरा और गंदा होना, और उपकरण, प्लेट व कंटेनर का साफ़ न होना शामिल था.

इसके अलावा एफडीए ने 250 स्कूलों की कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान साफ़-सफ़ाई के नियमों का पालन न करने पर 11 खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित किए गए और 4 के लाइसेंस रद्द किए गए जबकि 2 व्यवसायों को पूरी तरह बंद करा दिया गया. 

स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण जिन प्रमुख स्थानों के लाइसेंस निलंबित किए गए उनमें मुंबई के 9 नामचीन प्रतिष्ठान शामिल हैं. इसमें पांच मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़ी हैं, जबकि अन्य - संकल्प महिला औद्योगिक उत्पादक सहकारी सोसाइटी लिमिटेड (कुर्ला मिड-डे मील कैंटीन), M/s. लेनेक्सिस फूडवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड (माहिम), कैफ़े कैडेल और चाइना टाउन फास्ट फूड सेंटर शामिल हैं. 

बता दें, कुल 25 व्यवसायिक स्थानों पर धापेमारी की गई थी. कुल 45 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 33 को सुधार नोटिस दिया गया और 11 के लाइसेंस निलंबित किए गए. इस दौरान कुल 7,332 लीटर दूध, 104 किलो दही और 88.4 किलो क्रीम जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत ₹2,55,592/- आंकी गई. गुटखा और पान मसाला की अवैध बिक्री के 13 मामले FIR दर्ज की गई और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया और ₹6,61,888/- कीमत का स्टॉक जब्त किया गया. 

(मुंबई से रिपोर्टर पूजा भारद्वाज के इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com