दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल मुकाबला छह सितंबर से 10 सितंबर के बीच चेन्नई में खेला गया. जहां फाइनल मैच ड्रॉ होने के बावजूद ईस्ट जोन की टीम खिताब अपने हाथ में उठाने में कामयाब रही. जिसके बाद फैंस के बीच बहस शुरू हो गई है. हर कोई जानना चाहता है कि फाइनल मुकाबला ड्रॉ होने के बावजूद आखिरकार ईस्ट जोन की टीम चैंपियन कैसे बन गई? अगर आपका भी यही सवाल है तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं, जो कुछ इस प्रकार है-
पहली पारी में बढ़त के आधार पर चैंपियन चुनी गई ईस्ट जोन
दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में 708 रन बनाने में कामयाब हुई थी. वहीं जब साउथ जोन के बल्लेबाजी की पारी आई तो पूरी टीम अपनी पहली पारी में 336 रनों पर ही सिमट गई. इस तरह पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन की टीम को विजेता घोषित किया गया.
दूसरी पारी में भी खूब चला ईस्ट जोन के बल्लेबाजों का बल्ला
मैच के दौरान पहली पारी में ही नहीं दूसरी पारी में भी ईस्ट जोन के बल्लेबाजों का बल्ला खूब चला. टीम की तरफ से सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुनैन कुरैशी (नाबाद 116) शतक जड़ने में कामयाब रहे. वहीं कैप्टन ईशान किशन (80), अनुकूल रॉय (64) और शिखर मोहन (52) ने शानदार फिफ्टी जमाई. जिसके बदौलत टीम अपनी दूसरी पारी 388/7 रनों पर घोषित करने में कामयाब रही.
साउथ जोन को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का नहीं मिला अवसर
मैच के दौरान साउथ जोन की टीम को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का अवसर प्राप्त नहीं हुआ. पहली पारी में कैप्टन तिलक वर्मा (99) सर्वोच्च स्कोरर बनके उभरे थे. वहीं देवदत्त पड़िक्कल के बल्ले से 62 रनों की अर्धशतकी पारी देखने को मिली थी.
गेंदबाजी में त्रिपुराणा विजय का रहा जलवा
गेंदबाजी में साउथ जोन के गेंदबाज त्रिपुराणा विजय का जलवा रहा. उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर कुल पांच सफलता प्राप्त की. उनके अलावा ईस्ट जोन की तरफ से मुकेश कुमार ने तीन विकेट चटकाए. मोहम्मद शमी के खाते में दो विकेट आए. मोहम्मद सिराज दोनों पारियों में मिलाकर एक सफलता ही प्राप्त कर पाए. सिराज साउथ जोन की टीम का हिस्सा थे.
यह भी पढ़ें- किशन से पहले किस खिलाड़ी ने बनाया था ईस्ट जोन को चैंपियन? एक नहीं दो बार दिलाई थी दलीप ट्रॉफी का खिताब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं