प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक तरक्की को लेकर कहा है कि दुनिया ने अब भारत की विकास गाथा का लोहा माना है. उन्होंने कहा कि ये लोगों को तय करना है कि उन्हें सोच ऊंची रखनी है या नीची. FICCI के कार्यक्रम में PM मोदी ने देश की बदली आर्थिक तस्वीर का जिक्र किया और पिछली UPA सरकार पर भी निशाना साधा.
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय भारत दुनिया की पांच सबसे जोखिम वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था. लेकिन पिछले 12 वर्षों में देश की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार की नीतियां भारत की आर्थिक तरक्की में बाधा बनी हुई थीं. नीतिगत नाकामी ने देश की विकास गाथा को आगे बढ़ने से रोका.
प्रधानमंत्री का ये बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर 'आर्थिक तबाही' वाले बयान के बाद आया है. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत की मौजूदा विकास यात्रा पर भरोसा जताते हुए कहा कि दुनिया आज देश की प्रगति को स्वीकार कर रही है.
India's growth story is creating new opportunities. Our industries must be ready to seize them. Speaking at FICCI's centenary convention. @ficci_india https://t.co/tJCw2NnpjW
— Narendra Modi (@narendramodi) November 19, 2026
फिक्की अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने इसको लेकर कहा कि आज का अवसर विशेष है. किसी संस्था का 100 वर्षों तक सतर्क और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ लगातार विकसित होना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना, एक बड़ी उपलब्धि है.
इंडस्ट्री को दिया विकास का मंत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया में संसाधनों का इस्तेमाल हथियार के रूप में हो रहा है और इंडस्ट्री को घरेलू स्तर पर क्षमता विकसित करने पर फोकस करना चाहिए. उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने से जरूरी है कि हम समय-समय आत्मचिंतन करें. यह बात केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री और देश पर भी लागू होती है. इंडस्ट्री के लिए भी जरूरी है कि वो आत्मचिंतन करें और तय करें अगले 20 वर्षों में क्या हासिल करना है और 2047 विकसित भारत में कैसे योगदान दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें | यूपीए के समय कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी को जेल जाने से बचाया था... वीरप्पा मोइली का दावा
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में जब संसाधनों को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है. इंडस्ट्री को ऐसे क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए, जिसकी मांग राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो.
हमारा Domestic Market हमारा Comfort Zone नहीं होना चाहिए। हमें इससे वो आत्मविश्वास मिलना चाहिए जिससे हम Global Markets में Compete कर सकें। इसलिए दुनिया के अलग-अलग Regions के Customers की जरूरतों को समझने में Invest करिए: PM @narendramodi at @ficci_india centenary convention
— PMO India (@PMOIndia) November 19, 2026
प्रधानमंत्री ने फार्मा इंडस्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश आज भी एपीआई और इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है. ऐसे में इ़ंडस्ट्री को सोचना होगा कि कौन-सी चीजों को भारत में विकसित किया जा सकता है. ऐसी ही स्थिति कई और क्षेत्रों में है. देश को मिनरल में भी विशेषज्ञता हासिल करनी होगी.
'भारत सबसे तेजी से बढ़ती हुई इकोनॉमी'
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है. दुनिया की कई बड़ी संस्थाओं का अनुमान है कि देश की विकास दर इस साल 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है. भारत का अक्टूबर में निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया है, जो कि किसी एक महीने में देश द्वारा किया गया अब तक का सबसे अधिक निर्यात है. इन्हीं उपलब्धियों के चलते मूडीज, एसएंडपी, फिच रेटिंग और वर्ल्ड बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास दर को ऊपर की ओर बढ़ा रही है.
यह भी पढ़ें | सात्विक व्यक्ति का स्वभाव क्या होता है, PM मोदी ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं