विज्ञापन

डेविड मिलर का फाइनल सपना, ट्रॉफी के साथ लेना चाहते हैं संन्यास! जानें कौन सा है वो खिताब

डेविड मिलर ने अपने संन्यास पर खास बातचीत की है. उनका कहना है मैं वर्ल्ड कप 2027 को लेकर काफी उत्साहित हूं. मेरे लिए यह एक ऐसा लक्ष्य है. जिसे मैं हासिल करना चाहता हूं. मैं करियर के अपने आखिरी दौर में ट्रॉफी जीतकर सफर खत्म करना पसंद करूंगा.

डेविड मिलर का फाइनल सपना, ट्रॉफी के साथ लेना चाहते हैं संन्यास! जानें कौन सा है वो खिताब
डेविड मिलर

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर (David Miller) को कौन नहीं जानता है. उनके विस्फोटक बल्लेबाजी की पूरी दुनिया दीवानी है. मिलर का जन्म 10 जून साल 1989 में पीटरमैरिट्सबर्ग के नेटाल प्रांत में हुआ था. मौजूदा समय में वह 37 साल और 63 दिन के हैं. वह अपने क्रिकेट करियर पर विराम लगाने के बारे में सोच रहे हैं. मिलर का कहना है कि वह अपने करियर का अंत वर्ल्ड कप 2027 का खिताब जीतकर करना चाहते हैं, जो कि उनके जीवन का एक बड़ा लक्ष्य भी है. घरेलू जमीन पर अपने लोगों के सामने ट्रॉफी उठाना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है. 

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा अगला वर्ल्ड कप 

वर्ल्ड कप 2027 कुल तीन देशों में खेला जाएगा. जिसमें दक्षिण अफ्रीका के साथ-साथ जिम्बाब्वे और नामीबिया का भी नाम शामिल है. मिलर का कहना है उन्हें मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में शिरकत करने के लिए गर्व महसूस होता है, जो कि मैच को अंत तक ले जाते हैं और खत्म करके आते हैं. 

डेविड मिलर का बयान 

जियोस्टार के साथ हुई बातचीत के दौरान मिलर ने कहा, 'मैं वर्ल्ड कप 2027 को लेकर काफी उत्साहित हूं. मेरे लिए यह एक ऐसा लक्ष्य है. जिसे मैं हासिल करना चाहता हूं. मैं करियर के अपने आखिरी दौर में ट्रॉफी जीतकर सफर खत्म करना पसंद करूंगा.'

उन्होंने कहा, 'मैं उस वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनना चाहता हूं. मगर उसकी कोई गारंटी नहीं है, लेकिन मेरा पूरा ध्यान टीम में जगह बनाने और अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने पर है.'

मिलर ने कहा, 'अपने घरेलू मैदान पर चाहने वाले लोगों के बीच उन मैदानों पर खेलना जहां मैंने कई साल क्रिकेट खेली है, बेहद खास होगा.'

मध्यक्रम में बल्लेबाजी पोजीशन को लेकर उन्होंने कहा कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए मैच को समाप्त करना आसान नहीं होता है. मिलर ने कहा, 'सबसे ज्यादा गर्व मुझे इस बात का है कि मैंने मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए मैच फिनिशर के तौर पर करियर बनाया है. इस भूमिका में महारत हासिल करने के लिए काफी समय लगता है.'

मिलर का कहना है कि वह आज भी क्रिकेट की बारीकियों को सीख रहे हैं. मगर रन चेज करते हुए उन्हें बल्लेबाजी करने में ज्यादा मजा आया है. 

आईपीएल की सबसे यादगार पारी

मिलर ने आईपीएल 2013 में किंग्स इलेवन पंजाब (मौजूदा समय में पंजाब किंग्स) की तरफ से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेली गई नाबाद 101 रनों की पारी को अपने करियर की सबसे खास पारी बताई है. 

उन्होंने कहा, 'आरसीबी के खिलाफ बनाए गए 101 रनों की शतकीय पारी मेरे लिए सबसे संतोषजनक पारी थी. क्योंकि वह मेरे आईपीएल और टी20 करियर की पहली सेंचुरी थी. जिसने मेरे करियर को नई दिशा दी.'

इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डरबन में खेली गई नाबाद 118 रनों की शतकीय पारी को भी यादगार पल बताया. उन्होंने कहा, 'दबाव में खेली गई वे दोनों शतकीय पारियां हमेशा मेरे दिल के करीब रहेंगी.'

मिलर के मुताबिक गुजरात टाइटंस की तरफ से आईपीएल का खिताब जीतना भी उनके खास पलों में से एक है. उन्होंने कहा, 'आईपीएल में कई शानदार पल रहे हैं. मगर दिन के अंत में हम जीतने के लिए खेलते हैं. इसलिए गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल का खिताब जीतना मेरे लिए सबसे खास उपलब्धि है.'

यह भी पढ़ें- बुमराह पर ब्रेक! क्या खत्म होने वाला है टेस्ट क्रिकेट का सफर? BCCI सूत्र का बयान सुन बढ़ी फैंस की धड़कनें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
South Africa, David Andrew Miller, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com